Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद द्वारा आज सेक्टर- 12 स्थित टाउन पार्क में फ्लावर फेस्टिवल 2026 का आयोजन किया गया। जिसमें हरियाणा सरकार में राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी और निगमायुक्त धीरेन्द्र खड़गटा भी मौजूद रहें। फ्लावर फेस्टिवल 2026 का शुभारंभ रिबन काटकर किया गया।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि फरीदाबाद के प्रतिष्ठित नागरिक जहां भी जाते हैं, वहां पूरा फरीदाबाद उपस्थित हो जाता है, क्योंकि यहां उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति सैकड़ों-हजारों लोगों का प्रतिनिधित्व करता है। ऐसे में सुबह-सुबह इतने सम्मानित लोगों का एकत्र होना पूरे शहर के लिए गर्व की बात है और इससे सकारात्मक संदेश पूरे फरीदाबाद में जाएगा। उन्होंने नगर निगम फरीदाबाद के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कई वर्षों पहले टाउन पार्क में आयोजित होने वाला फ्लावर शो पुनः शुरू करना एक सराहनीय पहल है। इस कार्यक्रम को साकार करने में नगर निगम की टीम, जनप्रतिनिधियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि फरीदाबाद के लोग केवल विकास ही नहीं बल्कि शहर की सुंदरता और हरियाली को लेकर भी सजग हैं। फ्लावर शो जैसे कार्यक्रम यह दर्शाते हैं कि नागरिक शहर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने में भागीदारी चाहते हैं। उन्होंने पूर्व में किए गए वृक्षारोपण अभियानों, टाउन पार्क के विकास, इको-वन, नमो-वन, और पार्कों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में टाउन पार्क के लिए स्वीकृत विकास कार्यों से और बड़े परिवर्तन देखने को मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि एक बहुत बड़ी अचीवमेंट तब हुई जब 17 करोड़ सैपलिंग लगाकर घर-घर के अंदर फूलों के पौधों का डिस्ट्रीब्यूशन किया गया। यह काम केवल किसी एक संस्था का नहीं था, बल्कि इसमें समाज की भागीदारी भी महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि चाहे दिवाली हो, चाहे होली हो, चाहे स्प्रिंग्स का समय हो या फॉल्स का, हर मौसम और हर त्यौहार में हम सब लोगों का पार्टिसिपेशन होना चाहिए। जब ऋतुओं के बदलने का समय आता है, तब भी समाज की भागीदारी जरूरी होती है, तभी हम समझते हैं कि प्रकृति के साथ चलना और उसे सुंदर बनाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमारे बच्चे समर्थ तभी होंगे जब हम पर्यावरण और हरियाली के प्रति जागरूक रहेंगे।
नगर निगम महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि फ्लावर महोत्सव फरीदाबाद का एक प्रमुख आकर्षण है। उन्होंने पौधारोपण अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले बड़े स्तर पर पौधों का वितरण किया गया था और लोगों ने न केवल पौधे लगाए बल्कि उनकी देखभाल भी की। आज वही पौधे पेड़ों का रूप ले रहे हैं, जो यह दर्शाता है कि फरीदाबाद के लोग पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर हैं। इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए फ्लावर शो का आयोजन किया गया है ताकि शहर को हरित, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सके।
निगम कमिश्नर धीरेंद्र खटखटा ने जानकारी दी कि इस पुष्प मेले में लगभग 35 प्रकार के फूलों की प्रदर्शनी लगाई गई है । इस कार्यक्रम में तीन सफाई कर्मचारी और तीन मालियों को भी सम्मानित किया गया। मंच का संचालन डॉ सुप्रिया ढांडा ने किया।
इस मौके पर एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा, एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल, जॉइंट कमिश्नर असवीर सिंह, पार्षद मनोज नसावा, पार्षद मुकेश अग्रवाल, पार्षद पवन यादव, पार्षद सचिन शर्मा, पार्षद प्रियंका बिष्ट, पार्षद जसवंत सैनी, एस.एस. बांगा, सुभाष आहुजा, रवि शर्मा, अरुण बजाज, रणवीर चौधरी, बाबूराम, हरीश थरेजा, प्रदीप भाटी, पंकज, प्रभा सोलंकी एवं तेज सिंह सैनी सहित सेक्टरों के गणमान्य व्यक्ति रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान भी मौजूद रहे।

