Faridabad/Alive News: हरियाणा में पहाड़ों से चल रही ठंडी हवाओं के कारण ठंड काफी बढ़ गई है। शुक्रवार सुबह फरीदाबाद और गुरुग्राम में हल्की बारिश हुई, जिससे दिन में भी ठंड महसूस की गई। बारिश के बाद कोहरे से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन ठंड का असर और तेज हो गया है।
गुरुग्राम और फरीदाबाद के अलावा पानीपत, भिवानी और झज्जर में भी हल्की बारिश दर्ज की गई है। यह इस सर्दी के मौसम की पहली बारिश मानी जा रही है। वहीं जीटी रोड से जुड़े जिलों में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार आज और कल ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने आज भी हरियाणा के 17 जिलों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, करनाल, गुरुग्राम, पलवल और नूंह शामिल हैं।
राजस्थान से सटे 7 जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है। इन जिलों में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और नूंह शामिल हैं। गुरुवार को 8 जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान करीब 12 डिग्री या उससे कम रहा।
शीतलहर के कारण प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट आई है। सिरसा में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। अंबाला में 6.4 डिग्री और हिसार में 5.1 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। पूरे प्रदेश के औसत तापमान में करीब 0.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सिरसा, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, पानीपत और सोनीपत में भी ठंड बढ़ी है।
कोहरे के कारण रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। अंबाला में 16 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। उंचाहार एक्सप्रेस करीब 7 घंटे, मालवा एक्सप्रेस 5 घंटे, शहीद एक्सप्रेस डेढ़ घंटे और सचखंड एक्सप्रेस करीब पौने 2 घंटे लेट चल रही है।
ठंड को देखते हुए हरियाणा सरकार भी अलर्ट मोड पर है। सरकार ने वाहनों के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चलाने के निर्देश दिए गए हैं। रोडवेज ड्राइवरों को विशेष हिदायत दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई होगी। इसके साथ ही कोल्ड वेव एक्शन प्लान लागू किया गया है, जिसके तहत मेडिकल टीमें जरूरतमंदों को गर्म कपड़े बांट रही हैं।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार राज्य में 13 जनवरी तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे रात के तापमान में हल्की गिरावट और दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। देर रात और सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध बने रहने की संभावना है।

