March 7, 2026

गुवाहाटी–कोलकाता के बीच चलेगी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

Delhi/Alive News: देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी से कोलकाता (हावड़ा) के बीच चलाई जाएगी। इस ट्रेन में थर्ड एसी का किराया 2300 रुपये तय किया गया है। सेकंड एसी का किराया करीब 3000 रुपये और फर्स्ट एसी का किराया लगभग 3600 रुपये प्रस्तावित है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ट्रायल, टेस्टिंग और सर्टिफिकेशन पूरा हो चुका है। यह ट्रेन खास तौर पर 1000 किलोमीटर से ज्यादा की लंबी दूरी की यात्रा के लिए डिजाइन की गई है। उन्होंने कहा कि इस साल के अंत तक करीब 12 वंदे भारत स्लीपर ट्रेन तैयार हो जाएंगी।

दो दिन पहले इस ट्रेन का ट्रायल रन किया गया था। ट्रायल के दौरान ट्रेन को कोटा-नागदा रेलवे ट्रैक पर 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया गया। रेल मंत्री ने बताया कि इतनी तेज रफ्तार के दौरान भी ट्रेन की स्थिरता बनी रही। लोको पायलट ने चार गिलास पानी रखे थे, लेकिन पानी तक नहीं छलका।

पीएम मोदी जल्द दिखाएंगे हरी झंडी
रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने बताया कि वंदे भारत चेयर कार ट्रेनों को लोगों ने काफी पसंद किया है और अब नई जनरेशन की स्लीपर ट्रेनों की लंबे समय से मांग थी।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में आधुनिक सुरक्षा फीचर्स, बेहतर सस्पेंशन सिस्टम और वर्ल्ड-क्लास स्लीपर कोच दिए गए हैं। वैष्णव ने कहा कि गुवाहाटी–हावड़ा रूट पर आमतौर पर हवाई किराया 6,000 से 8,000 रुपये तक होता है, जो कई बार 10,000 रुपये तक पहुंच जाता है। ऐसे में वंदे भारत स्लीपर का 2300 रुपये का किराया यात्रियों के लिए काफी किफायती होगा।

बुलेट ट्रेन पर भी अपडेट
बुलेट ट्रेन को लेकर रेल मंत्री ने बताया कि यह 15 अगस्त 2027 से शुरू की जाएगी। सबसे पहले सूरत से बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन चलेगी। इसके बाद वापी से सूरत, फिर वापी से अहमदाबाद और अंत में ठाणे से अहमदाबाद तक बुलेट ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी।