May 18, 2024

संकट मोचन हनुमान मंडल में धूमधाम से मनाया गया जन्माष्टमी का पर्व

Faridabad/Alive News : भगवान श्रीकृष्ण का जन्म पूरे देश में बहुत ही धूमधाम से मनाया गया। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग दिल्ली मथुरा पर स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंडल कैली धाम में भी जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मंदिर के प्रधान पवन वशिष्ठ ने बताया कि भगवान कृष्ण सारे जगत के गुरु सखा व पालन करता हैं और संकटमोचन हनुमान मंडल के सभी सदस्य हर्ष और उल्लास के साथ में भगवान का जन्म दिवस मंदिर प्रांगण में मनाते हैं। कार्यक्रम में विशेष रूप से प्रतिष्ठित व्यवसायी व प्रमुख समाजसेवी अरुण बजाज, बी.एस चौधरी, पारसमल, गौतम चौधरी व शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

वहीं लक्ष्मणगढ़ राजस्थान से आए कलाकार विकास मिश्रा ने अपनी मंडली के साथ भजनों का समा बांधा तो वहीं मंडल के सदस्यों व फरीदाबाद के कलाकार पवन जोशी, देव चंद सैनी, घीसाराम खंडेलवाल, घनश्याम आहूजा, भंवर लाल शर्मा, मदन गोपाल बंसल के भजनों पर भक्त झूमते नजर आए। मंडल के सदस्य प्रधान पवन वशिष्ठ, मुकेश वर्मा, ललित गर्ग, बृज बिहारी त्रिवेदी, अशोक रावत, सीए संदीप शर्मा, प्रफुल्ल शर्मा, दीपक राठौड़, अरविंद शर्मा, शंभू नाथ पांडे, पंकज गर्ग, उत्तम शर्मा आदि लोग मंदिर की व्यवस्था व प्रसाद वितरण का कार्य देख रहे थे।

इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी अरुण बजाज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में लोगों को जो बताया है उसी राह पर चलकर कर्म की प्रधानता को समझते हुए अपना जीवन जीना चाहिए। लड्डू गोपाल के जन्मोत्सव पर लोग प्रभु से स्वस्थ, सुखी और संपन्न जीवन प्राप्ति की कामना करते हैं। साथ ही दूसरों को भी इस विशेष दिन की शुभकामनाएं देते हैं। समाजसेवी गौतम चौधरी ने कहा कि भगवान का अवतार होने के कारण कृष्ण में जन्म से ही सिद्धियां विद्यमान थीं। कृष्ण जन्माष्टमी पर घरों में उत्सव का वातावरण रहता है और भक्त श्रीकृष्ण की पालकी सजाते हैं तथा झांकियां भी निकाली जाती हैं। मंदिर में श्रीकृष्ण जन्म के समय वरिष्ठ पुजारी जेठमल, श्रीराम, लक्ष्मीनारायण ने अभिषेक किया तत्पश्चात प्रधान पवन वशिष्ठ ने सबको बधाई दी और प्रसाद का वितरण किया गया।