June 13, 2026

ईडी कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित: दीपेंद्र हुड्डा

Faridabad/Alive News: कांग्रेस सांसद और अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने पूर्व मंत्री चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह के घर हुई ईडी की कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से की गई है।

सोमवार को दीपेंद्र हुड्डा फरीदाबाद में पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह के निवास पर उनके परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह सादगी, ईमानदारी और अच्छे विचारों के लिए जाने जाते हैं। उनके परिवार के आचरण पर कोई सवाल नहीं उठा सकता। ऐसे में ईडी की कार्रवाई से जांच एजेंसियों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि देशभर में केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग के ज्यादातर मामले विपक्ष के नेताओं पर ही दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में दर्ज अधिकतर केस विपक्ष के खिलाफ हैं, जबकि सत्तारूढ़ दल के नेताओं पर कोई कार्रवाई नहीं होती।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस डरने वाली नहीं है। पार्टी सड़क से लेकर संसद और न्यायपालिका तक अपनी लड़ाई लड़ेगी। अगर सरकार यह सोचती है कि डराकर विपक्ष की आवाज दबा देगी, तो यह उसकी बड़ी भूल है। देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कुशासन से परेशान है और कांग्रेस जनता की आवाज उठाती रहेगी।

इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि आज केंद्रीय एजेंसियां अपराधियों पर नहीं, बल्कि राजनीतिक विरोधियों पर कार्रवाई कर रही हैं। प्रदेश में आम जनता डर के माहौल में जी रही है, जबकि अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।

कांग्रेस नेता विजय प्रताप सिंह ने कहा कि ईडी की कार्रवाई के दौरान कांग्रेस पार्टी जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक उनके परिवार के साथ खड़ी रही। इसके लिए वे पार्टी नेतृत्व और फरीदाबाद की जनता का दिल से आभार जताते हैं। उन्होंने कहा कि यदि ईडी नोटिस भेजती तो वे खुद कार्यालय जाकर जवाब देने को तैयार थे।

इस अवसर पर कई कांग्रेस नेता, विधायक, पूर्व मंत्री, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।