Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले में सरकार की ई-अधिगम योजना के तहत स्कूलों में वितरित टैबलेट का डाटा अपडेट करने का काम अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। विभागीय दावों के बावजूद हजारों टैबलेट का रिकॉर्ड अब तक पोर्टल पर अधूरा पड़ा है, जिससे योजना की प्रगति पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शिक्षा विभाग द्वारा पहले 6 दिसंबर को अंतिम तिथि तय की गई थी, लेकिन पोर्टल की तकनीकी खराबी और मेंटेनेंस के चलते टैबलेट का रिकॉर्ड पोर्टल पर नहीं चढ़ पाया है और न ही निदेशालय द्वारा जारी तय समय-सीमा का पालन हो पाया। पूरे हरियाणा से एक साथ लोड आने के कारण पोर्टल बार-बार ठप रहा, जिससे फरीदाबाद के कई स्कूलों का डाटा समय पर अपलोड ही नहीं हो सका।
हालात यह है कि फरीदाबाद जिले में करीब 26 हजार टैबलेट होने के बावजूद अब भी लगभग एक हजार टैबलेट ऐसे हैं, जिनका डाटा अपडेट नहीं हो पाया है। कई मामलों में शिक्षकों के ट्रांसफर, आईएमईआई नंबर मैच न होना और कुछ टैबलेट के खराब होने की वजह बताया जा रहा है, लेकिन इन समस्याओं का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि विभाग ने अब तक कोई नई अंतिम तारीख भी जारी नहीं की है, जिससे स्कूलों और शिक्षकों में पोर्टल पर टैबलेट का रिकॉर्ड अपडेट करने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। खराब या काम न करने वाले टैबलेट की स्थिति की पूरी जानकारी अब भी जिला स्तर पर उपलब्ध नहीं है, क्योंकि इसका डाटा सीधे मुख्यालय में भरा गया है।
पोर्टल की खामियों और स्पष्ट दिशा-निर्देशों की कमी के कारण फरीदाबाद में ई-अधिगम योजना की रफ्तार सुस्त पड़ती नजर आ रही है। यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो योजना का लाभ छात्रों तक समय पर पहुंचना मुश्किल हो सकता है।
क्या कहना है प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर का
फरीदाबाद में ई-अधिगम योजना के तहत टैबलेट अपडेट का काम पोर्टल की तकनीकी दिक्कतों के कारण प्रभावित रहा है। जिले में करीब 26 हजार टैबलेट में से लगभग 25 हजार का डाटा अपडेट किया जा चुका है, जबकि कुछ स्कूलों में प्रक्रिया अब भी अधूरी है। पहले तय 6 दिसंबर की अंतिम तिथि को बढ़ाना पड़ा, क्योंकि पूरे हरियाणा से एक साथ लोड आने से पोर्टल सही से काम नहीं कर पा रहा था। शिक्षक ट्रांसफर, आईएमईआई मिसमैच और कुछ टैबलेट के खराब होने से अपडेट में देरी हो रही है।
-धर्मेंद्र अधाना, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर शिक्षा विभाग।

