Faridabad/Alive News: देशभर में 1 से 31 जनवरी तक मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत फरीदाबाद जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के अध्यक्ष आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन तथा सचिव बिजेंद्र सौरोत के नेतृत्व में 13 जनवरी को स्थानीय रेडक्रॉस भवन से जागरूकता रैली निकालकर शुरू किया गया।
रैली के दौरान रेडक्रॉस सचिव बिजेंद्र सौरोत ने युवाओं और स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई और जीवन की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की गंभीर स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश में हर वर्ष लगभग एक से दो लाख लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवाते हैं, जो अत्यंत दुखद है। इनमें से 50 प्रतिशत से अधिक मृतक 35 वर्ष से कम आयु के युवा होते हैं।
उन्होंने कहा कि जब कोई युवा सड़क दुर्घटना का शिकार होता है, तो इसका प्रभाव केवल एक परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और भविष्य को भी गहरा आघात पहुंचता है। रेडक्रॉस का लक्ष्य है कि फरीदाबाद का प्रत्येक नागरिक सड़क सुरक्षा को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझे। उन्होंने जोर देकर कहा कि सड़क सुरक्षा का संदेश केवल जनवरी माह तक सीमित न रहकर जीवन का अभिन्न हिस्सा बनना चाहिए।
रेडक्रॉस सचिव ने बताया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार 31 जनवरी तक चलने वाले इस माह के दौरान रेडक्रॉस द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें युवाओं को ऑनलाइन क्विज, इलेक्ट्रॉनिक रोड सेफ्टी मॉड्यूल और सर्टिफिकेट कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनने और कार चालकों के लिए सीट बेल्ट लगाने को लेकर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसके अतिरिक्त, वाहन चालकों को गुड समैरिटन कानून तथा सड़क दुर्घटनाओं के दौरान दी जाने वाली आपातकालीन प्राथमिक चिकित्सा के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि दुर्घटना के समय त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सके।

