March 10, 2026

शुद्ध हवा के प्रयासों पर निगम ने अपनी पीठ थपथपाई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में हाल में ही पर्यावरण मंत्रालय की ओर स्वच्छ वायु सर्वेक्षण की रिपोर्ट जारी की गई। जिसमें औद्योगिक नगरी में हवा में सुधार देखने को मिला। साल 2023-24 में जिले को इस सर्वे में 21वां स्थान दिया गया था। जबकि 2024-25 की जारी रिपोर्ट में स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में दो अंक का सुधार होते हुए 19वां स्थान मिला। ऐसे में नगर निगम के अधिकारियों ने भी रिपोर्ट आने पर अपनी पीठ थपथपाते हुए सुधार का दावा किया गया।

निगम अधिकारियों की ओर से कहा गया कि अगले साल की सर्वेक्षण रिपोर्ट रैंकिंग इससे भी बेहतर होगी। लेकिन प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की लापरवाही को देखते हुए ऐसा मुश्किल लग रहा है। क्योंकि पिछले पांच माह से केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी एयर बुलेटिन में फरीदाबाद का नाम नहीं है। ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि पिछले पांच माह से एयर क्वालिटी इंडेक्स को मापने वाली मशीनों ने काम करना बंद कर दिया है।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से चार मशीन फरीदाबाद और एक मशीन बल्लभगढ़ में लगाई गई है। फरीदाबाद में यह मशीन सेक्टर 11, सेक्टर 16, एनआइटी व सेक्टर 30 में यह मशीन लगाई गई हैं। इन मशीनों को चलाने और रखरखाव करने की जिम्मेदारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने निजी एजेंसी को दी हुई है।

सूत्रों के अनुसार, एजेंसी के अनुबंध का समय पांच माह पहले पूरा हो गया था। उसके बाद दोबारा से कंपनी से टेंडर देने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है, जिसके चलते अभी तक मशीन बंद पड़ी हुई हैं। प्रदेश में 32 जगहों पर मशीने लगी हुई है। जिसमें से 30 जगह पर यह मशीन बंद पड़ी है। मशीने कब शुरू होगी। इसको लेकर जिला स्तर पर अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं हैं।