Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद के कांफ्रेंस हॉल में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाले वेंडरों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्पेशल ऑफिसर सेनिटेशन असवीर सिंह ने की, जिसमें सभी वार्डों के वेंडर और स्वच्छता विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में वेंडरों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नगर निगम के साथ पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा और पंजीकरण के बाद ही कार्य करने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों के तहत ही कार्य करना होगा।
ये निर्देश किए गए जारी
केवल सेग्रीगेट किया हुआ (गीला-सूखा अलग) कचरा ही उठाया जाएगा, कचरा संग्रहण के लिए कम्पार्टमेंट वाली गाड़ियों का ही उपयोग किया जाएगा, कचरा निर्धारित ट्रांसफर स्टेशन पर ही डाला जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वेंडरों पर चालान व कार्रवाई होगी।
निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी घर से कचरा अलग-अलग करके नहीं दिया गया तो संबंधित गृहस्वामी के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वेंडरों को पुरानी डीजल गाड़ियों का उपयोग बंद करने और स्वच्छता सर्वेक्षण में सहयोग करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करके ही दें ताकि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग मिल सके।
बैठक में एसबीएम एक्सपर्ट कल्पना मंडल, सफाई निरीक्षक हरबीर रावत, जगवीर चौहान, बृजमोहन शर्मा, सहायक सफाई निरीक्षक अजीत रावत सहित अन्य अधिकारी और वेंडर मौजूद रहे।

