March 10, 2026

निगम आयुक्त ने सैनिक कॉलोनी पहुंच कर किया श्रमदान

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार द्वारा शुरू किए गए हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान को लेकर प्रदेशभर में जनजागरण व स्वच्छता की लहर देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के तहत अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारी, सामाजिक संस्थाएं और स्थानीय लोग एकजुट होकर स्वच्छता कार्यों में जुट गए हैं। यह अभियान अब पूरे जोरों पर चल रहा है।

इसी कड़ी में आज रविवार को नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा स्वयं सैनिक कॉलोनी पहुंचे और स्थानीय निवासियों व मार्केट एसोसिएशन के साथ मिलकर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने नालियों, सड़कों और बाजार क्षेत्र में फैली गंदगी को हटाने का कार्य करते हुए श्रमदान किया और दुकानदारों एवं आमजन से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। 
निगम आयुक्त ने साफ संदेश दिया कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने आस पास का वातावरण स्वच्छ रखे गंदगी ना फैलाए। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं का स्वच्छता अभियान में बढ़ चढ़कर भाग लेने पर धन्यवाद भी जताया।

निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने सैनिक कॉलोनी के साथ-साथ आसपास की अन्य कॉलोनियों का भी निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि गली-मोहल्लों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके। इस अवसर पर कई सामाजिक संस्थाएं भी सक्रिय रूप से जुड़ीं और स्थानीय युवाओं ने सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संस्थाओं ने लोगों को पॉलीथिन का प्रयोग न करने, कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने तथा गंदगी फैलाने से बचने का संदेश दिया।

नगर निगम आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी द्वारा चलाए जा रहे 11 साप्ताहिक हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान को हम सब मिलकर जन आंदोलन का रूप देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाए तो फरीदाबाद सहित पूरे प्रदेश में स्वच्छता की एक नई मिसाल कायम होगी। निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहरों में बढ़ रहे अतिक्रमण को भी न होने दे अतिक्रमण के खिलाफ भी लगातार लोगों को जागरूक करते रहे और निगम के नियमों को न मानने वालों पर कार्रवाई करें।