September 15, 2026

कछुए की चाल से हो रहा है नंगला एनक्लेव पार्ट-1 के नाले का निर्माण, क्षेत्र में जलभराव से लोग परेशान

Faridabad/Alive News : अटल चौक से भड़ाना चौक तक का नाला नगर निगम अधिकारियों के लिए टेढ़ी खीर बना हुआ है। तीन महीने बीतने के बाद भी अधिकारी करीब तीन सौ मीटर के नाले का निर्माण कार्य पूरा नहीं करा पाए। क्षेत्र की जल निकासी रूकने से सड़को पर बाढ़ जैसे हालात हो रहे हैं। भड़ाना चौक से अटल चौक तक सड़क पर नाले के गंदे पानी का भराव लोगों के बीच परेशानी का कारण बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक नंगला एन्क्लेव पार्ट एक प्रिंस स्कूल रोड पर नाला ओवरफ्लो की समस्या पिछले पांच साल से बनी हुई है। बीते दिनों हुई बरसात ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क पर गंदा पानी भरे होने के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। स्कूल आते-जाते बच्चे गंदे पानी में गिर रहे हैं जिससे उनके कपड़े खराब हो हैं कई बार ये चोटिल भी हो जाते हैं। इस समस्या का समाधान वार्ड-9 के निवर्तमान पार्षद महेंद्र सरपंच और अधिकारी आज तक नहीं करा पाए हैं।

इसलिए होता है जलभराव
लोगों के मुताबिक पहले से बना एक तरफ का नाला टूट चुका है और दूसरी तरफ के नाले की सफाई नहीं होती, जिससे प्रिंस स्कूल के सामने बारह मास नाला ओवरफ्लो होता रहता है। इस सड़क पर जगह जगह सीवर के ढक्कन टूटे हुए हैं, जलभराव के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते और दुपहिया वाहन चालक हर रोज गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

क्या कहना है लोगों का
क्षेत्र के लोग जलभराव की समस्या से काफी परेशान है, नाले का निर्माण शुरू हुए लगभग तीन महीने बीत चुके हैं। अधिकारियों की लापरवाही क्षेत्र के लोगों पर भारी पड़ रही है।
पूरन सिंह बघेल, स्थानीय निवासी

नाला ओवरफ्लो की समस्या पहले से थी, अब बरसात के कारण परेशानी बढ़ गई है, लेकिन संबंधित अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
-मंगल सेन गोला, स्थानीय निवासी

क्या कहना है नगर निगम अधिकारी का
बरसात के कारण काम रुका हुआ है, नाले से पानी निकालने का काम किया जा रहा है, जल्द निर्माण कार्य भी पूरा कर दिया जाएगा। लोग नाले में मलबा और गोबर फेंकते हैं, नाले का काम रुकने के यह एक अहम कारण है।
-ओपी कर्दम, कार्यकारी अभियंता