Faridabad/Alive News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा मंगलवार को फरीदाबाद जिले के बडख़ल विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। यात्रा के क्षेत्र में प्रवेश करते ही स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और गर्मजोशी से स्वागत किया तथा सामाजिक एकता और भाईचारे के संदेश को समर्थन दिया।
सद्भाव यात्रा अपने 108वें दिन भी पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ आगे बढ़ी। इस दौरान यात्रा ने समाज के सभी वर्गों से संवाद कर आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का संदेश दिया।
आज यात्रा की शुरुआत सेक्टर-48 चौक से हुई, जो बडख़ल झील चौक, शर्मा चौक, पटेल चौक, मुल्ला होटल, चिमनी बाई गोल चक्कर, 4-5 नंबर मार्केट चौक, 5 नंबर मार्केट, सब्जी मंडी, सलूजा पेट्रोल पंप, नीलम चौक, नेहरू ग्राउंड, लोहा मंडी के पास आरबीए कॉलेज, बर्लिना चौक, 1 और 2 नंबर मार्केट होते हुए पंचकुईयां रोड से जाट धर्मशाला पर समाप्त हुई। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर सभाओं का भी आयोजन किया गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि फरीदाबाद को बसाने का काम पंडित जवाहरलाल नेहरू के समय में हुआ था, लेकिन आज भाजपा सरकार लोगों को उजाड़ने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों से रोजगार छीने जा रहे हैं और लोहा मंडी जैसे इलाकों में दुकानों के सामने गड्ढे खोद दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सद्भाव यात्रा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रेरित है और इसका उद्देश्य भी वही है — देश और समाज को जोड़ना। उन्होंने कहा कि यह यात्रा हरियाणा के कोने-कोने तक भाईचारे का संदेश पहुंचा रही है।
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस के वे कार्यकर्ता भी दोबारा सक्रिय हुए हैं, जो लंबे समय से राजनीति से दूर हो गए थे। उन्होंने दावा किया कि आज भी हरियाणा में सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत कांग्रेस पार्टी ही है और आने वाले साढ़े तीन महीनों में यह यात्रा सभी विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेगी।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद वह संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बना रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं पर एजेंसियों के जरिए दबाव बनाया जा रहा है। फरीदाबाद में कांग्रेस नेता महेंद्र प्रताप के यहां पड़े छापों और नेशनल हेराल्ड मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे डराने की राजनीति बताया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, सामाजिक प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इनमें चौधरी बीरेंद्र सिंह, चांद सिंह, सतबीर डागर, यात्रा संयोजक वेद प्रकाश यादव, सह संयोजक मुकेश डागर, डॉ. एस.एल. शर्मा, सूरज मान, कालू पहलवान, पूर्व पार्षद राजेन्द्र चपराना, अनिल शर्मा, यूनुस, मोहसीन खान, विनोद कौशिक, विकास फागना, सुरेश बेनीवाल, एनके शर्मा, प्रेम यादव, देव वशिष्ठ, इकबाल कुरैशी, समसुद्दीन, धर्मवीर परसवाल, हेमलता शर्मा, अशोक कपूर, जाकिर हुसैन, कमांडो हिदायत खान, पूनम गुलिया, शाहसुद्दीन कुरैसी, पूर्व इंस्पेक्टर प्रेम सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।

