June 12, 2026

साइबर ठगी में शिकायतकर्ता ही निकला आरोपी, अपना बैंक खाता ठगों को दिया था—दो गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने एक ऐसे मामले का खुलासा किया है जिसमें पुलिस में शिकायत देने वाला व्यक्ति ही ठगी में शामिल निकला। साइबर थाना बल्लभगढ़ ने शिकायतकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मुकेश, निवासी एनआईटी फरीदाबाद, ने आर्थिक अपराध शाखा बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि होम लोन दिलाने के नाम पर कुछ लोगों ने उसका बैंक खाता खुलवाया, जिसमें 1 करोड़ से ज्यादा रुपये का लेनदेन हुआ। जांच में पता चला कि मुकेश खुद साइबर ठगों के संपर्क में था और उसने अपना बैंक खाता उन्हें इस्तेमाल के लिए दे रखा था।

इसके बाद मामला साइबर थाना बल्लभगढ़ में दर्ज किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि मुकेश ने पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी शिकायत दी थी और इसमें कुछ अन्य लोगों के नाम भी गलत तरीके से शामिल किए थे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकेश (43) और राकेश (40), निवासी सेक्टर-89 फरीदाबाद, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि मुकेश ने अपना बैंक खाता राकेश को दिया था और राकेश ने इसे आगे ठगों तक पहुंचाया। इस खाते से अलग-अलग राज्यों की 11 साइबर ठगी की शिकायतें जुड़ी हुई हैं और खाते में 1 करोड़ से अधिक राशि का लेनदेन हुआ है।

पुलिस ने मुकेश को 2 दिन और राकेश को 8 दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।