May 8, 2024

दिल्ली नगर निगम चुनाव संपन्न होने तक नौकरशाहों के हाथ में रहेगी कमान, पर नहीं ले सकेंगे नीतिगत फैसले

New Delhi/Alive News : रविवार से दिल्ली नगर निगम की कमान नौकरशाहों के हाथ में होगी। यह कमान नौकरशाहों के हाथ में दिल्ली नगर निगम का चुनाव संपन्न होने तक रहेगी। इसके सदस्यों की पहली बैठक होने तक निगम का सारा कामकाज अधिकारी ही देखेंगे। इस दौरान दिल्ली नगर निगम की ओर से नागरिकों को दी जाने वाली सारी सेवाएं सुचारु रूप से चलती रहेंगी। नौकरशाहों की तरफ से केवल नीतिगत फैसले नहीं लिए जाएंगे।

कार्यों पर नहीं पड़ेगा असर
इस दौरान दिल्ली नगर निगम शहर की साफ सफाई निरंतर करता रहेगा, निगम के स्कूल और अस्पताल सामान्य रूप से चलते रहेंगे। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी। निगम की ऑनलाइन और एप आधारित सेवाएं जारी रहेंगी। निगम से मिलने वाले सभी हेल्थ, फैक्टरी और ट्रेड लाइसेंस जारी किए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार रविवार को एकीकृत दिल्ली नगर निगम के आयुक्त ज्ञानेश भारती और विशेष अधिकारी अश्वनी कुमार अपना पदभार ग्रहण करेंगे। इसके चलते सिविक सेंटर रविवार को खुला रहेगा और निगम के सभी कर्मचारी ड्यूटी पर होंगे।

एकीकृत दिल्ली नगर निगम के नए आयुक्त ज्ञानेश भारती का कार्यालय श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर की नवीं मंजिल पर स्थित उनका पुराना कार्यालय ही होगा। सिविक सेंटर के ई-1 ब्लॉक में नवीं मंजिल पर उनका कार्यालय है।