March 10, 2026

गणपति पंडाल में गूंजे जय श्री राम जय श्री राम जी के जय घोष

Faridabad/Alive News: गांधी कॉलोनी स्थित समुदाय भवन में महाराष्ट्र मित्र मंडल द्वारा आयोजित सार्वजनिक श्री गणेश उत्सव के अंतर्गत 27 सितम्बर को सुंदर कांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन धार्मिक श्रद्धा और सांस्कृतिक समरसता का अनुपम उदाहरण बना।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद गोविन्द पाठक ने “जय जय बजरंगी” भजन की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। इसके पश्चात मंडली द्वारा सामूहिक रूप से सुंदर कांड पाठ का शुभारंभ किया गया, जिसमें श्रीराम के पराक्रम और हनुमान जी की भक्ति का भावपूर्ण वर्णन किया गया।

करताल और ढोलक की ताल पर गूंजते मंत्रों और चौपाइयों ने पूरे भवन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। श्रद्धालु भावविभोर होकर राम नाम में लीन हो गए। पाठ के दौरान उपस्थित जनसमूह ने “जय श्री राम” के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सुंदर कांड पाठ के उपरांत हनुमान चालीसा, संकटमोचन हनुमानाष्टक और श्री रामायण जी की आरती का आयोजन हुआ, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

कार्यक्रम के समापन पर मंडली के कलाकारों को मंडल के अध्यक्ष  राजेन्द्र पांचाल, प्रवीन राठोड एवं  कर्ण शर्मा द्वारा पारंपरिक फेंटा एवं स्मृति चिन्ह स्वरूप फोटो फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गोविन्द पाठक, दीक्षांत रावत, नितिन रावत एवं मयंक तिवारी ने अपनी प्रस्तुति से संपूर्ण शाम को भक्तिरस में डुबो दिया। मंडल की ओर से सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में ऐसे आयोजन निरंतर करते रहने का संकल्प लिया गया।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता और सांस्कृतिक चेतना को भी सुदृढ़ करने का माध्यम सिद्ध हुआ।