October 3, 2026

भवन तैयार, पर पढ़ाई शुरू होने का इंतजार

Faridabad/Alive News: सेक्टर-12 टाउन पार्क में विद्यार्थियों के लिए बनाई गई हाईटेक लाइब्रेरी का भवन तैयार है, सुविधाएं भी जुटा दी गई हैं, लेकिन यहां पढ़ाई अब तक शुरू नहीं हो पाई है। करीब 5.84 करोड़ रुपये की लागत से तैयार लाइब्रेरी का दिसंबर 2025 में उद्घाटन हो चुका है। इसके बावजूद किताबों के रैक खाली पड़े हैं और कंप्यूटर भी विद्यार्थियों के इस्तेमाल में नहीं आ रहे हैं। संचालन की जिम्मेदारी तय नहीं होने से लाइब्रेरी शुरू करने की प्रक्रिया अटकी हुई है।

लाइब्रेरी में करीब 200 विद्यार्थियों के एक साथ बैठकर पढ़ने की व्यवस्था है। यहां रीडिंग हॉल के साथ ई-लाइब्रेरी, कंप्यूटर, ग्रुप डिस्कशन रूम और मल्टीमीडिया रूम बनाए गए हैं। विद्यार्थियों को उम्मीद थी कि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए किताबों के साथ डिजिटल संसाधन भी एक ही जगह उपलब्ध होंगे, लेकिन अभी इन सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

जिम्मेदारी तय होने का इंतजार

लाइब्रेरी का निर्माण हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने कराया है। भवन तैयार होने के बाद इसे जिला प्रशासन को सौंपा जाना है। अभी यह तय नहीं हुआ है कि इसका संचालन शिक्षा विभाग करेगा या कोई अन्य विभाग। जिम्मेदारी स्पष्ट नहीं होने के कारण लाइब्रेरियन और अन्य स्टाफ की नियुक्ति, किताबों की उपलब्धता और कंप्यूटर संचालन जैसी व्यवस्थाएं पूरी नहीं हो सकी हैं।

दो बार उद्घाटन को लेकर रही चर्चा में 
सेक्टर-12 की यह लाइब्रेरी 28 दिसंबर 2025 को उद्घाटन को लेकर चर्चा में आई थी। उस दिन करीब दो घंटे के अंतराल में दो अलग-अलग कार्यक्रमों में इसका उद्घाटन किया गया था। पहले राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, तत्कालीन मंत्री विपुल गोयल और राज्य मंत्री राजेश नागर यहां पहुंचे थे। इसके करीब दो घंटे बाद केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर भी समर्थकों और अन्य नेताओं के साथ लाइब्रेरी पहुंचे थे।

एचएसवीपी भवन सौंपने को तैयार

एचएसवीपी अधिकारियों के अनुसार भवन फिलहाल प्राधिकरण की देखरेख में है। प्राधिकरण इसे जिला प्रशासन को सौंपने के लिए तैयार है। इसके बाद लाइब्रेरी में किताबें उपलब्ध कराने, स्टाफ नियुक्त करने और नियमित संचालन की व्यवस्था जिला प्रशासन को करनी होगी। जिम्मेदारी तय होने के बाद ही विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी शुरू होने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।