March 7, 2026

ग्रीन फील्ड कॉलोनी में आर्टिफिशियल झील से युवक का शव बरामद, 9 दिन से था लापता

Faridabad/Alive News : ग्रीन फील्ड कॉलोनी इलाके में स्थित एक आर्टिफिशियल झील से रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय रवि कुमार के रूप में हुई है, जो महतारू डेरा का निवासी था। रवि पिछले नौ दिनों से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने सूरजकुंड पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी।

जानकारी के अनुसार रवि एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। वह 9 जनवरी की सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। शाम तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने सोचा कि वह नाइट ड्यूटी के चलते कंपनी में ही रुक गया होगा। हालांकि, अगले दिन भी उसके घर न लौटने पर परिवार चिंतित हो गया।

परिजनों ने जब कंपनी से संपर्क किया तो पता चला कि रवि ड्यूटी पूरी करने के बाद वहां से निकल गया था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने झील में एक शव तैरता देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान रवि कुमार के रूप में हुई, जिसके बाद परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस के अनुसार शव पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या या हादसे का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच शुरू कर दी है।