April 26, 2024

घर से साइकिल लेकर निकले बच्चे का यमुना किनारे झाड़ियों में मिला शव

Faridabad/Alive News : पल्ला थाना क्षेत्र के यमुना किनारे बसे गांव बसंतपुर में शुक्रवार को 12 वर्षीय बच्चे की हत्या के बाद शव यमुना किनारे झाड़ियों में मिलने से लोगों के बीच काफी अफरा तफरी मच गयी। मिली जानकारी के अनुसार बच्चा घर से साइकिल चलाने के लिए निकला था। जिसके बाद बच्चे का शव यमुना किनारे झाड़ियों में मिला है।

वहीं गांव बसंतपुर निवासी बलेश्वर का बेटा तनिष्क (12 ) बृहस्पतिवार शाम घर से साइकिल लेकर निकला था। देर शाम तक नहीं लौटा। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी ढूंढ़ने के बाद यमुना किनारे बनी एक झोपड़ी के पास उसकी साइकिल मिली। लोगों ने तनिष्क को आसपास तलाशा, लेकिन पता नहीं लगा।

परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। शुक्रवार की शाम करीब तीन बजे झाड़ी में बच्चे शव पड़ा मिला। मामले की सूचना पाकर पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक बच्चे की हत्या गला दबाकर की गई है। उसके चेहरे पर भी निशान है। हत्यारे ने बच्चे की हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा बिगड़ने का प्रयास भी किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।