Faridabad/Alive News: साइबर ठगी के एक बड़े मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने ठगों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था। यह मामला 13,78,278 रुपये की ठगी से जुड़ा है।
पुलिस के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर-3 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके मोबाइल पर घर बैठे पैसे कमाने का व्हाट्सएप मैसेज आया था। मैसेज में गूगल मैप पर रिव्यू करने और स्क्रीनशॉट भेजने के बदले 50 रुपये देने की बात कही गई थी। इसके बाद ठगों ने उसे प्रीपेड टास्क का लालच दिया।
ठगों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग टास्क के नाम पर कुल 10,85,000 रुपये भेज दिए। जब उसने पैसे वापस निकालने की बात कही तो ठगों ने टैक्स के नाम पर उससे 2,93,278 रुपये और मांगे, जो उसने भेज दिए। इसके बाद भी कोई रकम वापस नहीं मिली। इस तरह शिकायतकर्ता से कुल 13,78,278 रुपये की ठगी की गई।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने कुँवर राज सुंदरम दुबे, निवासी गांव कसनही सेऊरी, जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी अर्जुनगंज, लखनऊ को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने खाताधारक रामबिलास का बैंक खाता लेकर उसे आगे ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी के 2 लाख रुपये आए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं खाताधारक रामबिलास को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

