May 4, 2024

बैंक प्रबंधक को हनी ट्रैप मामले में फसाने वाले आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News : हनी ट्रैप में लोगों को फंसाने वाली महिला को पुलिस ने उसके एक साथी के साथ मौके से दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी महिला के पति का दोस्त बताया जा रहा है। दोनों की पहचान ग्रेटर नोएडा की गौड़ सिटी-2 निवासी शिवानी और मोदी नगर निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। 

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पति की मौत के बाद महिला अपने पति के दोस्त के साथ मिलकर लोगों को हनी ट्रैप के जाल में फसाती है। हाल ही में आरोपियों ने मुंबई के एक बैंक प्रबंधक को हनी ट्रैप में फंसाकर 5 लाख रुपये वसूलने का प्रयास किया था। उसी दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया। इस मामले में महिला का भाई फरार है। 

मुंबई के एक बैंक प्रबंधक ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के मुताबिक प्रबंधक ने एक वैवाहिक वेबसाइट पर शादी के लिए विज्ञापन दिया था। विज्ञापन देखकर शिवानी ने उससे संपर्क किया और विवाह की इच्छा जताई। इसके बाद दोनों फोन पर बात करने लगे। 

कुछ दिन पहले प्रबंधक एक कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली आया था। महिला ने उसे जिद कर अपने फ्लैट पर बुला लिया। इसके बाद उसे हनी ट्रैप में फंसाकर पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। पुलिस ने शिकायत मिलने पर मामले में केस दर्ज कर लिया।

सूत्रों से मिली जानकरी के मुताबिक महिला कुछ समय पहले ही ग्रेनो वेस्ट में रहने आई थी। इससे पहले वह गाजियाबाद में रहती थी। यह पता करने का प्रयास किया जा रहा है कि गाजियाबाद में भी तो इसी तरह से आरोपियों ने किसी और को हनी ट्रैप में फंसाकर वसूली तो नहीं की है। 

पुलिस के मुताबिक शिवानी का पति शिवम प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। आरोपी अमित शिवम का दोस्त था और उसका घर आना जाना था। चार साल पहले शिवम की मौत हो गई। इसके बाद शिवानी और अमित के बीच निकटता बढ़ गई। इसके बाद दोनों ने मिलकर हनी ट्रैप की साजिश रची और इसमें शिवानी के भाई को भी शामिल कर लिया। आरोपी अमित के मोबाइल से पुलिस ने अश्लील वीडियो भी बरामद की हैं।