March 7, 2026

फरीदाबाद में शांतिपूर्ण व भव्य तरीके से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, स्वास्थ्य मंत्री ने फहराया तिरंगा

Faridabad/Alive News: सेक्टर-12 स्थित परेड ग्राउंड में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव रहीं। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह की शुरुआत की।

समारोह के दौरान आयोजित परेड में फरीदाबाद पुलिस की महिला और पुरुष टुकड़ी ने संयुक्त रूप से शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं झांकियों की प्रतियोगिता में यातायात पुलिस फरीदाबाद की झांकी को दूसरा स्थान मिला।

परेड में फरीदाबाद पुलिस की दो प्लाटून शामिल रहीं। सभी टुकड़ियों ने मुख्य अतिथि को मार्च पास्ट कर सलामी दी। परेड का नेतृत्व एचपीएस विकास कुमार ने किया।

इस मौके पर विभिन्न स्कूलों और विभागों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें देखकर दर्शक काफी उत्साहित नजर आए। कार्यक्रम में देशभक्ति से जुड़े गीतों की प्रस्तुति भी दी गई।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले फरीदाबाद पुलिस के 6 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। इनमें निरीक्षक राजेश कुमार, निरीक्षक अशोक कुमार, निरीक्षक विमल राय, उप-निरीक्षक शिशुपाल, महिला उप-निरीक्षक रितु और ईएसआई विजय शामिल रहे। इन्हें मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव द्वारा सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में उपायुक्त आयुष सिन्हा, पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता, संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक जोरवाल, डीसीपी सेंट्रल उषा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, स्वतंत्रता सेनानी, शहीदों के परिजन और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।