Delhi/Alive News: थाईलैंड गैर-कानूनी तरीके से आयात किए गए इलेक्ट्रॉनिक कचरे की एक बड़ी खेप को अमेरिका वापस भेजने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों ने इस खेप को लेम चाबांग बंदरगाह पर जांच के दौरान जब्त किया था।
करीब 284 टन वजन वाले इस ई-कचरे को डिपार्टमेंट ऑफ स्पेशल इन्वेस्टिगेशन (डीएसआई), कस्टम विभाग और प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण के बाद जब्त किया गया।
उप-प्रधानमंत्री सुचार्ट चॉमक्लिन ने पुष्टि करते हुए बताया कि अभियान के दौरान लगभग 2,85,000 किलोग्राम ई-कचरा ले जा रहे 12 शिपिंग कंटेनरों को जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि इन कंटेनरों को जल्द ही अमेरिका वापस भेजा जाएगा।
कस्टम विभाग के डायरेक्टर-जनरल फानथोंग लोयसाकुनानोन के अनुसार जांच में सामने आया कि तस्करों ने खतरनाक इलेक्ट्रॉनिक कचरे को स्क्रैप मेटल बताकर कस्टम अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश की। यह भी बताया गया कि दस्तावेजों में इस माल को हैती से आया स्क्रैप धातु बताया गया था।
अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और अंतरराष्ट्रीय नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए 714 अतिरिक्त कंटेनरों पर भी नजर रखी जा रही है, जो फिलहाल समुद्री मार्ग से थाईलैंड की ओर आ रहे हैं।

