International/Alive News: थाईलैंड में शुक्रवार को एक स्कूल में 9वीं कक्षा के छात्र ने फायरिंग कर दी। घटना में 3 टीचर और 3 छात्रों समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। फायरिंग के बाद छात्र ने खुद को भी गोली मार ली।
पुलिस के मुताबिक, घटना राजधानी बैंकॉक के पास स्थित डेबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल में हुई। पुलिस का कहना है कि स्कूल पहुंचने से पहले छात्र ने अपने घर में दादा-दादी की भी हत्या की थी। दोनों के शव बाद में घर से बरामद किए गए।
दादा की पिस्टल से फायरिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार, फायरिंग में इस्तेमाल 9 एमएम पिस्टल छात्र के दादा की थी। छात्र के दादा शिक्षक थे। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्र ने इस हमले को क्यों अंजाम दिया।
गोलियों की आवाज सुनकर क्लासरूम में छिपे छात्र
फायरिंग शुरू होते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोलियों की आवाज सुनकर कई छात्र अपनी जान बचाने के लिए क्लासरूम के अंदर छिप गए।
कुछ समय बाद पुलिस ने क्लासरूम के दरवाजे खटखटाकर छात्रों को बाहर निकाला। घटना के बाद स्कूल के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
थाईलैंड में पहले भी हो चुकी हैं गोलीबारी की घटनाएं
थाईलैंड में स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर गोलीबारी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। ऐसी घटनाओं के बाद देश में हथियारों की उपलब्धता और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मामलों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग होती रही है।
फिलहाल पुलिस इस घटना के पीछे की वजह और छात्र के हमले की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

