May 5, 2024

बंदरों का आतंक, छत के ऊपर जाने से कतरा रहे लोग

Poonam Chauhan/Alive News
/Faridabad:
शहर की अधिकांश कॉलोनी और सेक्टरों में बंदरों के आतंक ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। स्थिति यह है कि स्थानीय लोगों ने अकेले घर के बाहर और छत पर जाना बंद कर दिया है। इसके अलावा बच्चों को घर से बाहर नहीं खेलने दिया जा रहा।

गौरतलब है कि शहर की अधिकतर कॉलोनी में बंदरों के आतंक की वजह से लोगों की जान पर बन आई है। ऐसा कोई दिन नहीं जा रहा, जिस दिन बंदर किसी को घायल न करते हो। सराय ख्वाजा, सैक्टर-28,19,37, अशोका, पल्ला, सेहतपुर, एनआईटी और ओल्ड फरीदाबाद आदि स्थानों पर बंदरों का सबसे अधिक आतंक हैं। बंदरों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बच्चे बाहर निकलने में घबराने लगे हैं। बंदर घर के अंदर तक घुसकर हमला बोल रहे हैं।

घर की छतों पर भी बंदरों का आतंक

बंदर छत के ऊपर रखे पौधों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही लोगों के सामान के साथ भी तोड़ फोड़ कर रहे हैं इतना ही नहीं, छत पर रखी पानी की टंकियों के ढक्कन तोड़ने के बाद पानी में कूदकर टंकी का पानी खराब कर रहे हैं। कुछ वर्षों से इलाके में बंदरों की संख्या बढ़ गई है इससे सबसे ज्यादा बच्चे, बुजुर्गों के साथ दुर्घटना होने का अधिक खतरा बना हुआ है। सम्बंधित विभाग अभी ठेकेदार तलाशने में लगा है।

लोगों में बना डर का माहौल
बंदरों के कारण इलाके के लोगों में डर का माहौल व्याप्त है। क्योंकि बंदरों के झुंड ने कई लोगों पर हमला कर दिया और उन्हें चोट भी पहुंचाई है। जिसके कारण उन्हें इंजेक्शन तक लगवाने पड़े हैं। चोटिल होने और काटने की वजह से लोगों में डर बना हुआ है।

-राजकुमार, सेहतपुर मार्किट।

टंकी के ढक्कन से खिलवाड़
रिकॉर्ड तोड़ गर्मी में पानी की किल्लत से लोग जूझ रहे हैं। ऐसे में छतों पर रखी टंकी को बंदर खाली कर रहे है। बंदरों का झुंड पानी की टंकियों को तोड़ रहा हैं।

-जानकी देवी, स्थानीय वार्ड-23

छीना झपटी पर उतारू बंदर
दिन के समय घरों में अधिकतर महिलाएं अकेली रहती हैं। ऐसे में बंदर दरवाजा खुला पाकर या फिर खिड़की के रास्ते से घर में प्रवेश कर जाते हैं और खाने पीने की चीजों के चक्कर में घर में उत्पात मचाते है और गृहणी रोकती है तो उसे काट लेते है। इस से लोग काफी परेशान है।
-सुमन कुमारी, शिव कालोनी पल्ला।

क्या कहना है जनप्रतिनिधि का
आपके माध्यम से इसकी जानकारी मिली है। नगर निगम के अधिकारियों से बात करके जल्द समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
-ओमप्रकाश रक्षवाल, निवर्तमान पार्षद, वार्ड-23