September 28, 2024

मोदी के रिटायरमेंट को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री का बड़ा बयान

National/Alive News: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री मोदी से उनकी पार्टी में रिटायरमेंट की उम्र को लेकर सवाल किया। रेड्डी ने कहा- अगले साल आप 75 साल के हो जाएंगे। क्या आप रिटायरमेंट लेने के लिए तैयार है।रेवंत रेड्डी ने कहा- प्रधानमंत्री ने ही भाजपा में रिटायरमेंट की उम्र 75 साल निर्धारित की है। इसी नियम के मुताबिक, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और अन्य सीनियर नेताओं को साइडलाइन किया गया है। अब मोदी 74 साल के होने वाले है। मोदी पर भी यही नियम लागू होना चाहिए।

रेड्डी ने कहा- मोदी के लिए हर चीज पॉलिटिक्स होती है। उनकी सोच देश के लिए ठीक नहीं है। वो हर बात का जवाब जय श्री राम से देते हैं। पुलवामा के हमले इसका उदाहरण है। पुलवामा में हमला हुआ ही क्यों? आपने ये हमला होने कैसे दिया?
आप देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए क्या कर रहे हैं? आप IB और RAW जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल क्यों नहीं करते? ये आपकी विफलता है। सर्जिकल स्ट्राइक सही में हुई थी या नहीं यह अभी तक पता नहीं चला है।

उधर, गुजरात के दाहोद लोकसभा सीट की संतरामपुर विधानसभा क्षेत्र के 220 परथमपुर पोलिंग बूथ पर आज दोबारा वोटिंग हो रही है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक होगी। 7 मई को तीसरे फेज के दौरान यहां गड़बड़ी की सूचना मिली थी, जिसके बाद चुनाव आयोग ने फिर से वोटिंग के आदेश दिए थे।