Bihar/Alive News: बिहार के अब तक के रुझानों से तस्वीर लगभग साफ नजर आ रही है। एनडीए के मुकाबले महागठबंधन काफी पीछे है। अब तक के रुझानों में भाजपा को सबसे अधिक सीटें मिली हैं। एनडीए के लोग जश्न मना रहे हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि बिहार में अब जंगल राज कभी वापस नहीं आ पाएगा।
तेजस्वी अब आगे हुए, तेज प्रताप तीसरे नंबर पर पीछे चल रहे
राघोपुर विधानसभा सीट पर 21वें राउंड की गिनती में तेजस्वी यादव 4937 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं तेज प्रताप यादव महुआ विधानसभा सीट से तीसरे नंबर पर चल रहे हैं।
जानिए भागलपुर के सीटों का हाल
भागलपुर में चुनावी नतीजों ने कई दिलचस्प मोड़ लिए हैं। बिहपुर विधानसभा से इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने विकासशील इंसान पार्टी की प्रत्याशी अपर्णा कुमारी को हराकर जीत हासिल की। वहीं, पीरपैंती विधानसभा में भाजपा के मुरारी पासवान ने राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार रामविलास पासवान को शिकस्त दी। कहलगांव में जदयू के शुभानन्द मुकेश ने आरजेडी और कांग्रेस के प्रत्याशियों को पराजित किया। गोपालपुर विधानसभा में शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने वीआईपी के डब्लू यादव और निर्दलीय उम्मीदवार गोपाल मंडल को हराते हुए जीत दर्ज की।
जानिए नालंदा के सभी विधानसभा का हाल
नालंदा जिले में विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है, जहां अस्थावां से जदयू के डॉ. जितेंद्र 21वें राउंड में 32,572 वोट से आगे चल रहे हैं और लगातार छठी जीत की ओर बढ़ रहे हैं, जबकि हरनौत से जदयू के हरिनारायण सिंह 29 में से सभी राउंड पूरे होने के बाद 47,909 वोट से जीत दर्ज कर चुके हैं, जो उनकी लगातार 10वीं जीत है। बिहारशरीफ में बीजेपी के डॉ. सुनील 18वें राउंड में 22,652 वोट से आगे हैं। नालंदा में जदयू के श्रवण कुमार 17वें राउंड में 25,252 वोट से बढ़त बनाए हुए हैं, वहीं हिलसा में जदयू के कृष्ण मुरारी शरण 4,276 वोट से आगे हैं। इस्लामपुर में जदयू के रूहैल रंजन 15वें राउंड में 21,287 वोट से आगे चल रहे हैं। राजगीर में जदयू के कौशल किशोर 20वें राउंड में 38,942 वोट से आगे हैं और लगातार दूसरी जीत की ओर बढ़ रहे हैं, हालांकि औपचारिक घोषणा अभी बाकी है।
लेशी सिंह ने संतोष कुशवाहा को हराया
धमदाहा विधानसभा की हॉट सीट पर जेडीयू नेता और मंत्री लेसी सिंह ने आरजेडी उम्मीदवार संतोष कुशवाहा को लगभग 55,000 वोटों के भारी अंतर से पराजित कर प्रचंड जीत हासिल की है, हालांकि प्रशासनिक पुष्टि अभी बाकी है। पूर्णिया जिले की इस सीट पर मुकाबला मुख्य रूप से लेसी सिंह और संतोष कुशवाहा के बीच ही रहा। जीत सुनिश्चित होने के बाद लेसी सिंह ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह एनडीए के विकास कार्यों पर जनता की मुहर है। उन्होंने महागठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि विरोधी जमीन पर काम करने के बजाय सोशल मीडिया पर चुनाव लड़ रहे थे, जिसका जवाब जनता ने दे दिया।
जानिए सारण जिले की सीटों का हाल
सारण में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना अब अंतिम चरण में है, जहां एकमा सीट से एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार मनोरंजन सिंह धूमल ने महागठबंधन के राजद प्रत्याशी श्रीकांत यादव को पराजित कर जीत दर्ज कर ली है, हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। मतगणना केंद्र से बाहर आते ही राजद उम्मीदवार श्रीकांत यादव वापस चले गए, जबकि जदयू प्रत्याशी मनोरंजन सिंह धूमल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 2025 में जनता ने एकमा, सारण और पूरे बिहार में फिर से नीतीश कुमार को जनादेश दिया है।
नित्यानंद राय बोले- बिहार में जंगल राज कभी नहीं आएगा
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की जीत की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है लेकिन भाजपा और जदयू के नेता शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी भी करने लगे। केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार में अब कभी जंगल राज नहीं आ सकता है। जनता ने तेजस्वी यादव का सूपड़ा साफ कर दिया है। वही मुख्यमंत्री पद को लेकर पूछे गए सवाल पर नित्यानंद राय ने कहा की नीतीश कुमार ही एनडीए के मुख्यमंत्री होंगे इसमें कहीं कोई कंफ्यूजन नहीं है। हम लोग अब शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी में जुटे हैं। इस बार का शपथ ग्रहण ऐतिहासिक होगा। पीएम मोदी भी इसमें शामिल होंगे।
मुजफ्फरपुर में मतगणना केंद्र पर हंगामा
मुजफ्फरपुर में मतगणना केंद्र पर बीजेपी प्रत्याशी केदार प्रसाद गुप्ता और राजद प्रत्याशी सुनील कुमार सुमन के बीच कहासुनी और हंगामा हो गया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ते ही पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गहमागहमी की सूचना मिलते ही एसएसपी सुशील कुमार तुरंत मतगणना केंद्र पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया। बताया जाता है कि दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच भी तनातनी हुई, जिससे माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।
जनता की उम्मीदों की जीत हुई है
भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बिहार के अद्भुत और ऐतिहासिक जनादेश को सलाम करते हुए संदेश में कहा गया कि यह प्रचंड विजय सिर्फ़ चुनावी जीत नहीं, बल्कि राज्य के उज्ज्वल भविष्य की मुहर है। युवा शक्ति से लेकर जीविका दीदियों, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, माताओं–बहनों और नौजवानों तक, सभी ने एकजुट होकर स्पष्ट संदेश दिया है कि विकास ही मार्ग है और एनडीए ही विकल्प। विधानसभा चुनाव 2025 में मिली यह एकतरफ़ा जीत वास्तव में जनता की उम्मीदों और सपनों की जीत है। इस विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए वादा किया गया है कि इसे विकास, सुशासन और सेवा में बदला जाएग।
लालू के दोनों बेटे पीछे
पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटे पीछे चल रहे हैं। राघोपुर से तेजस्वी यादव पीछे चल रहे हैं। राघोपुर से भाजपा प्रत्याशी सतीश कुमार एक नंबर पर चल रहे हैं। 11वें राउंड के बाद भी तेजस्वी यादव 4829 वोटों से पीछे हैं। वहीं महुआ सीट से तेज प्रताप यादव तीसरे नंबर पर चल रहे हैं। 13वें राउंड में तेज प्रताप 27132 वोटों से लोजपा रामविलास के प्रत्याशी संजय कुमार सिंह से पीछे चल रहे हैं।
गया टाउन से प्रेम कुमार और मोतिहारी से प्रमोद कुमार जीते
गया टाउन विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी डॉ. प्रेम कुमार 20,408 मतों से विजयी रहे, जबकि बोधगया विधानसभा में राजद उम्मीदवार कुमार सर्वजीत ने 881 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं, मोतिहारी विधानसभा सीट पर बीजेपी के प्रमोद कुमार ने चुनाव में सफलता हासिल की। इसके अलावा मोकामा से जदयू प्रत्याशी अनंत कुमार सिंह, तारापुर से भाजपा प्रत्याशी सम्राट चौधरी, झंझारपुर से भाजपा प्रत्याशी नीतीश मिश्रा ने जीत दर्ज की है। हालांकि, इनकी जीत की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।

