May 10, 2024

जीवा स्कूल में शिक्षक दिवस मनाया गया शिक्षा प्रद ढंग से

Faridabad/Alive News: सेक्टर-21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में अध्यापक दिवस बड़े अनोखे एवं शिक्षा प्रद ढंग से मनाया गया। सभी अध्यापकों को सम्मानित किया व सबका तिलक एवं फूलों से स्वागत किया। विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया जिसमें डॉ० सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद किया गया, क्योंकि उन्ही के जन्मदिवस के अवसर पर शिक्षक दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में बेटी बचाओ अभियान के संस्थापक व राष्ट्रीय संयोजक के संस्था के सदस्य भी मौजूद रहे। संस्था के चेयरमैन वासुदेव अरोड़ा एवं सुश्री जगजीत कौर, जिला अध्यक्ष संतोष सतीजा, जिला चेयरमैन सूनील गुलाटी, महिला विंग चेयरमैन मुख्य पदाधिकारी शीतल लूथरा उपस्थित रहीं।

संस्थान की ओर से आई दो बेटियों श्मोनल और नीरलश को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने खेल जगत में अनेक पदक जीते। इस मौके पर अंग्रेजी की अध्यापिका स्वाति गार्गी ने अध्यापक की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं विद्यालय की हिन्दी की अध्यपिका जया पाल ने भी एक स्वरचित कविता प्रस्तुत की।

रजनी शर्मा ने एक गीत प्रस्तुत किया। कुछ अध्यापिकाओं ने नृत्य भी प्रस्तुत किया। बेटी बचाओ संस्था ओर से विद्यालय की २१ अध्यापिकाओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने संस्था की टीम को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सराहना की एवं सभी को संबोधित करते हुए कहा कि एक मां अपने बच्चे की पहली गुरु होती है। उन्होंने यह भी कहा कि स्त्री का दर्जा सबसे ऊंचा होता है। अत: हम सबको अपने घर की स्त्रियों को सम्मान देना चाहिए। स्त्रियां करुणा, प्रेम, धर्म एक्षमा का प्रतीक होती है, बिना करुणा के धरती का अस्तित्व संभव नहीं है। हमें अपने आने वाली पीढ़ी को यह शिक्षा देनी चाहिए कि स्त्रियों को कमज़ोर न समझे और उन्हें सम्मान दें।

बेटी बचाओ संस्था के चेयरमैन वासुदेव अरोड़ा एवं जगजीत कौर एवं महिला विंग की चेयरमैन मुख्य पदाधिकारी शीतल लूथरा ने सभी को शिक्षक दिवस पर विशेष रूप से शुभकामनाएं दी एवं सभी का मुख्य रूप से यह कहा कि हमें अपनी बेटियों को सक्षम बनाना चाहिए, यदि बेटियां सक्षम होंगी तो समाज में अनेक बुरी प्रथाएं अपने आप ही समाप्त हो जाएंगी। समाज में हमें प्रत्येक स्त्री का सम्मान करना चाहिए।

विद्यालय की प्रधानाचार्या अपर्णा शर्मा ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि हम प्रतिदिन सबसे कुछ न कुछ सीखते हैं, तो सभी हमारे गुरु हैं, अत: गुरु का सम्मान करना चाहिए।