June 6, 2026

फरीदाबाद के स्कूल में शराब पीते पकड़े गए टीचर, प्रिंसिपल पर फेंकी शराब; गांव ने एंट्री पर लगाई रोक

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के गांव सोतई स्थित एक सरकारी स्कूल में बड़ा मामला सामने आया है। यहां पीटी टीचर और लैब असिस्टेंट को स्कूल के अंदर शराब पीते हुए पकड़ा गया। जब प्रिंसिपल ने उन्हें रोका, तो लैब असिस्टेंट ने उन पर शराब फेंक दी।

स्कूल के प्रभारी प्रिंसिपल डॉ. अशोक बामनिया ने बताया कि शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान वे स्कूल के स्पोर्ट्स रूम में पहुंचे। वहां उन्होंने पीटी टीचर रामजीत और लैब असिस्टेंट जितेंद्र को शराब पीते देखा। कमरे में शराब की बदबू थी और दोनों कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पी रहे थे।

जब प्रिंसिपल ने इसका विरोध किया और शराब की बोतल लेने की कोशिश की, तो जितेंद्र ने आधी भरी बोतल उनके ऊपर उड़ेल दी। इसके बाद प्रिंसिपल ने स्टाफ को बुलाया और पूरे मामले की जानकारी दी।

जांच के दौरान एक बैग से शराब की दो बोतलें भी मिलीं, जिनमें एक पूरी भरी और एक आधी भरी हुई थी।

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी कर्मचारी कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे थे। घटना के बाद मामले की शिकायत पुलिस और शिक्षा विभाग को दी गई है।

दूसरी तरफ गांव की ग्राम सभा ने सख्त फैसला लेते हुए दोनों कर्मचारियों के स्कूल में आने पर रोक लगा दी है। पुलिस का कहना है कि शिक्षा विभाग की जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।