Chennai/Alive News: तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की सरकार को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान सामने आया है। DMK प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने दावा किया है कि मौजूदा सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी।
स्टालिन का कहना है कि यह सरकार सहयोगी दलों के समर्थन पर टिकी हुई है और आने वाले कुछ महीनों में राजनीतिक स्थिति बदल सकती है।
बहुमत से पीछे रही TVK
चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में स्टालिन ने कहा कि TVK को विधानसभा में अपने दम पर सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 सीटों का बहुमत नहीं मिला था। पार्टी को केवल 108 सीटें मिलीं, जिसके बाद अन्य दलों के समर्थन से सरकार बनी।
उनका दावा है कि यह सरकार पूर्ण बहुमत वाली नहीं है, इसलिए इसकी स्थिरता पर सवाल बने हुए हैं।
स्टालिन ने कहा कि TVK सरकार उन दलों के समर्थन से चल रही है, जो पहले DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा थे। उनके अनुसार, इन सहयोगी दलों के समर्थन के कारण ही सरकार फिलहाल सत्ता में बनी हुई है।
“तीन से छह महीने में हो सकते हैं चुनाव”
DMK प्रमुख ने दावा किया कि मौजूदा राजनीतिक हालात ज्यादा समय तक नहीं चल सकते। उन्होंने कहा कि सरकार कभी भी संकट में आ सकती है और अगले तीन से छह महीने के भीतर चुनाव होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभी से चुनाव की तैयारी शुरू करने का आह्वान किया और कहा कि चुनाव की घोषणा का इंतजार नहीं करना चाहिए।
किन दलों के समर्थन से बनी सरकार?
साधारण बहुमत हासिल नहीं होने के बाद TVK ने कांग्रेस, वामपंथी दलों, VCK और IUML सहित कई सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार बनाई थी। बाद में MDMK ने भी DMK गठबंधन से अलग होकर TVK सरकार को समर्थन देने का फैसला किया।
हालांकि, सरकार की स्थिरता को लेकर स्टालिन के दावे पर TVK की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

