March 11, 2026

ड्रग्स लेना नहीं है कूल, कभी न करना ऐसी भूल

Faridabad/Alive News: “ड्रग्स लेना नहीं है कूल, कभी न करना ऐसी भूल” सराय ख्वाजा फरीदाबाद स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा के मार्गदर्शन में जूनियर रेडक्रॉस और सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड द्वारा ड्रग्स एवं नशे के बहिष्कार हेतु जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में 150 से भी अधिक जे आर सी सदस्य छात्राओं ने प्रतिभागिता की। 

प्राध्यापिका सरिता, सुशीला, ममता , गीता एवं प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा ने ड्रग्स  समाप्त करने  के बारे में जागरूकता रैली का नेतृत्व किया। रैली में छात्राएं ड्रग्स लेना नहीं है कूल, कभी न करना ऐसी भूल, से नो टू ड्रग्स से यस टू लाइफ, नशे से ना कहें जीवन से हां कहें आदि स्लोगन गा गा कर प्रत्येक जन को जागरूक कर रहीं थी। प्राचार्य मनचंदा ने बताया कि उल्लेखनीय है कि हरियाणा सरकार ने हरियाणा में नशा मुक्त हरियाणा अभियान युद्ध स्तर पर चलाया हुआ है। सभी विद्यालयों और  विश्वविद्यालयों में नशे की समाप्ति करने के लिए विशेष जागरूकता अभियानों पेटिंग, स्लोगन लेखन, वाद विवाद प्रतियोगिताएं आदि से सामान्य जनों को नशे की प्रवृति से बचाव के संदेश दिए जा रहे हैं। नशे की प्रवृति से व्यक्ति के सोचने और समझने की शक्ति क्षीण होती जाती है। नशा परिवार में विखंडन लाता है तथा समाज में अराजकता और अपराध में वृद्धि करता है। 

छात्राओं ने सभी जनों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन बहुमूल्य है अपनी और अपने प्रिय जनों की उन्नति एवं प्रगति के लिए आवश्यक है कि हम सब नशे वाली वस्तुओं का उपयोग बंद कर पूर्णतया बहिष्कार करें तथा एक स्वस्थ समाज के निर्माण में सहर्ष योगदान दे। नशा मुक्त समाज से ही अच्छे एवं चरित्रवान समाज का गठन हो सकता है।