May 3, 2024

पूरे विश्व को महर्षि वाल्मीकि से लें प्रेरणा : बेदी

Kurukshetra/Alive News : हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि भगवान महर्षि वाल्मीकि ने पवित्र ग्रंथ रामायण की रचना की, लोगों को अहिंसा का संदेश दिया और अपनी लेखनी से पूरे विश्व को एक मार्ग दिखाने का काम किया। आज पूरे विश्व को महर्षि वाल्मीकि से प्रेरणा लेनी चाहिए और युवा पीढ़ी को शिक्षा और संस्कारों का ज्ञान देना चाहिए, क्योंकि शिक्षा और संस्कार से बड़ा समाज में कोई धन नहीं हैं।

राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी बुधवार को राजकीय सीनियर माडल स्कूल के सभागार में अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग हरियाणा एवं जिला प्रशासन के तत्वाधान में आयोजित महर्षि वाल्मीकि जयंती के जिलास्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि के रुप में बोल रहे थे। इससे पहले राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी, भाजपा प्रदेश कार्यकारणी सदस्य जयभगवान शर्मा डीडी, जिला परिषद के सीईओ अनिल कुमार यादव, जिला कल्याण अधिकारी शीशपाल ने स्कूल के प्रांगण में पौधारोपण किया और सभागार में महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के उपरांत दीपशिखा प्रज्ज्वलित कर विधिवत रुप से कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

इस दौरान राज्यमंत्री ने जयंती समारोह पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रथम आने वाली छात्रा नीरज रानी, द्वितीय शिवानी, तृतीय पूनम और कविता पाठ में सोनिया प्रथम, अमर सैनी द्वितीय और किरण को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया।

इस कार्यक्रम में जयनारायण कटक, महाराज संगमनाथ, ओमप्रकाश ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस कार्यक्रम के अंत में जिला परिषद के सीईओ अनिल कुमार यादव ने मेहमानों का आभार व्यक्त किया और राज्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसीपल संतोष शर्मा, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामपाल पाली, भाजपा महामंत्री रविन्द्र सांगवान व सुशील राणा, सुभाष बेदी, महेश पार्चा, गुरनाम मलिक, फकीर चंद, मुल्तान, राजेन्द्र, मास्टर लालचंद, राजेन्द्र सैनी, सरंपच राजेन्द्र, चरणदास, अजमेर सिंह, सीताराम, जोगेन्द्र, कंवर पाल, डॉ जीवन मोदगिल, डॉ जगदीश, देवकिशन, डॉ सावित्री मलिक, पंकज शर्मा, रितू गुंजन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।