Faridabad/Alive News : जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शिखा की अध्यक्षता में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में ग्रामीण विकास विभाग (हरियाणा, चंडीगढ़) के मिशन निदेशक (स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण) से प्राप्त आदेशों की अनुपालना में आगामी 1 जून से 5 जून 2026 (विश्व पर्यावरण दिवस) तक “स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु अभियान” चलाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
सीईओ शिखा ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों के स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सभी सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा।
अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि इस दौरान ग्रामीणों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अभियान के दौरान ग्रामवासियों को घरेलू स्तर पर ही चार प्रकार के कूड़े को अलग-अलग करने के बारे में जागरूक किया जाएगा। यदि ग्राम पंचायत क्षेत्र में कहीं भी कूड़े के ढेर पाए जाते हैं, तो उन्हें तुरंत साफ कराया जाएगा।”
इसके अतिरिक्त, गांवों के तालाबों को प्रदूषण से बचाने के लिए एक विशेष कदम उठाया जाएगा। तालाबों में बहकर जाने वाले प्लास्टिक और अन्य हानिकारक कूड़े को रोकने के लिए नालों व इनलेट पर जाली लगाने की व्यवस्था की जाएगी।
इस जागरूकता अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए बड़े पैमाने पर सामाजिक संस्थाओं को जोड़ा जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को जागरूक करने में नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों, आंगनवाड़ी वर्करों और स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं के माध्यम से घर-घर दस्तक दी जाएगी।
5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के विशेष अवसर पर इस अभियान के तहत सभी ग्राम पंचायतों में विशेष सभाओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता में आम जनता की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

