Tamil Nadu/Alive News: तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। टीवीके (TVK) प्रमुख और अभिनेता विजय ने शुक्रवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया, लेकिन उनके पास केवल 116 विधायकों का समर्थन ही मौजूद था। बहुमत के लिए 118 विधायकों की जरूरत है। बहुमत पूरा न होने के कारण शनिवार को होने वाला विजय का शपथ ग्रहण समारोह फिलहाल रद्द कर दिया गया है।
VCK और IUML ने अब तक नहीं दिया समर्थन पत्र
विजय ने राज्यपाल को TVK, कांग्रेस, CPI और CPI(M) के कुल 116 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा। हालांकि IUML और VCK ने अब तक औपचारिक समर्थन पत्र नहीं दिया है। इन दोनों पार्टियों के पास 2-2 विधायक हैं। विजय को सरकार बनाने के लिए सिर्फ 2 और विधायकों की जरूरत है।
इससे पहले 6 और 7 मई को भी विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था, लेकिन राज्यपाल ने साफ कहा था कि 118 विधायकों का समर्थन दिखाए बिना सरकार बनाने का न्योता नहीं दिया जा सकता।
VCK ने समर्थन की बात कही, लेकिन पत्र नहीं दिया
VCK प्रमुख थिरुमावलवन ने शुक्रवार सुबह कहा था कि उनकी पार्टी TVK का समर्थन करेगी, लेकिन देर रात तक राज्यपाल को कोई आधिकारिक पत्र नहीं भेजा गया। इसी वजह से विजय की शपथ फिर टल गई। राज्यपाल कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार शाम तक विजय के पास केवल 116 विधायकों का ही रिकॉर्ड मौजूद था।
चुनाव परिणाम के बाद क्या हुआ
4 मई को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे आए। TVK ने 234 में से 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी, लेकिन किसी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला।
5 मई को TVK ने सहयोगी दलों से बातचीत शुरू की। कांग्रेस ने समर्थन का ऐलान किया।
6 मई को विजय को विधायक दल का नेता चुना गया और उन्होंने 113 विधायकों का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा।
7 मई को राज्यपाल ने 118 विधायकों का समर्थन दिखाने को कहा।
8 मई को TVK सुप्रीम कोर्ट पहुंची और सबसे बड़ी पार्टी होने के आधार पर सरकार बनाने का मौका देने की मांग की।
कांग्रेस के विधायक हैदराबाद भेजे गए
कांग्रेस के पांच विधायक तमिलनाडु से हैदराबाद पहुंच गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें संभावित टूट-फूट से बचाने के लिए वहां भेजा गया है। इन विधायकों का नेतृत्व पी. विश्वनाथन कर रहे हैं।
रामदौस बोले- सबसे बड़ी पार्टी को मौका मिलना चाहिए
PMK प्रमुख रामदौस ने कहा कि TVK राज्य की सबसे बड़ी पार्टी है, इसलिए उसे सरकार बनाने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने VCK प्रमुख थिरुमावलवन से भी विजय को समर्थन देने की अपील की।
DMK नेता टीकेएस इलंगोवन ने कहा कि अगर विजय अकेले सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर राज्यपाल के पास जाते, तो उन्हें सरकार बनाने के लिए बुलाया जा सकता था। लेकिन अब जब वे गठबंधन के साथ गए हैं, तो राज्यपाल पूर्ण बहुमत देखना चाहेंगे।
चेन्नई में VCK कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। संभावना जताई जा रही है कि विजय वहां VCK प्रमुख थोल थिरुमावलवन से मुलाकात कर सकते हैं।
VCK का X अकाउंट सस्पेंड
शुक्रवार को VCK का X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट नियमों के उल्लंघन का हवाला देकर सस्पेंड कर दिया गया। यह कार्रवाई उस पोस्ट के बाद हुई जिसमें TVK को समर्थन देने की बात कही गई थी।
अगर TVK सरकार बनाती है, तो 1967 के बाद पहली बार तमिलनाडु में DMK और AIADMK के अलावा किसी तीसरी पार्टी की सरकार बनेगी। TVK ने 234 सीटों में से 108 सीटें जीतकर सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। पार्टी का स्ट्राइक रेट करीब 46% रहा। DMK ने 59 सीटें और AIADMK ने 47 सीटें जीतीं। वहीं भाजपा सिर्फ 1 सीट जीत सकी।

