May 3, 2024

सुशील कुमार तोमर ने सातवें कुलपति के रुप में संभाला जेसी बोस विश्वविद्यालय का कार्यभार

Faridabad/Alive News : पंजाब विश्वविद्यालय के गणित विभाग के प्रोफेसर सुशील कुमार तोमर ने आज जे.सी. बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति का पदभार ग्रहण किया। वह विश्वविद्यालय के सातवें कुलपति बने हैं। उन्होंने श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति राज नेहरू का स्थान लिया है, जो 3 नवंबर, 2021 को प्रोफेसर दिनेश कुमार के कार्यकाल की समाप्ति के बाद से विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति के रूप में कार्य कर रहे थे।

कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार गर्ग, संकाय और स्टाफ सदस्यों ने विश्वविद्यालय पहुंचने पर प्रो. सुशील कुमार तोमर का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर निवर्तमान कुलपति राज नेहरू, जोकि श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय तथा प्रो. दिनेश कुमार जोकि हाल ही में गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति बने है, ने विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में कार्यभार ग्रहण करने पर प्रो. तोमर को शुभकामनाएं दी। प्रो. तोमर के पदभार ग्रहण करने से पहले महान वैज्ञानिक जगदीश चन्द्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रो. एस एन मिश्रा-सेवानिवृत्त, जीवन विज्ञान संकाय, एमडीयू, प्रो. आशीष अरोड़ा, पीटीयू, जालंधर और रोहतक से डॉ. जय भगवान भी उपस्थित थे।

प्रो. तोमर अपने शोध कार्य के लिए जाने जाते हैं और एक प्रसिद्ध गणितज्ञ हैं। अंतरराष्ट्रीय ख्याति की पत्रिकाओं में उनके 119 शोध पत्र प्रकाशन हैं और उन्होंने अपने शोध के विभिन्न विषयों पर देश और विदेश में 131 से अधिक व्याख्यान दिए हैं। वह जीजेयू, हिसार और हिमाचल प्रदेश के केंद्रीय विश्वविद्यालय की गवर्निंग बॉडी के नामांकित सदस्य हैं। हाल ही में, उन्हें पंजाब विश्वविद्यालय के सीनेट के सदस्य के रूप में भी नामित किया गया था।