April 27, 2024

मैथिली ठाकुर के गीतों से भक्तिमय हुआ सूरजकुंड मेला 

Faridabad/Alive News: बिहार की बेटी मैथिली ठाकुर ने शनिवार को बड़ी चौपाल पर जब भक्ति रस से ओतप्रोत मेरी झोपडी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे… को मधुर धुन में ऐसे पिरोया कि दर्शक प्रभू श्रीराम की भक्ति में डूब गए। मैथिली ने सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्त-शिल्प मेले में बड़ी चौपाल में सांस्कृतिक संध्या में कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। 

बिहार में जन्मी मैथली ठाकुर हिंदी, भोजपुरी और मैथिली जैसी विभिन्न भाषाओं में गाना गाने के लिए जानी जाती हैं। आज के कार्यक्रम में उन्होंने सबसे पहले रामा-रामा रटते-रटते बीती रे उमरिया…. से शुरुआत की। इसके बाद जब उन्होंने श्रीराम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में… गाया तो दर्शक उनके साथ गाने लगे तथा भोजपुरी में भगवान राम को समर्पित …जन्म लिए रघुरैया, अवधिया में बाजे बजैया… गीत की प्रस्तुति पर तो पर्यटक झूमने को मजबूर हो गए।

बाते दें कि भारतीय चुनाव आयोग ने मैथिली ठाकुर ब्रांड एंबेसडर बनाया है। मुख्य चौपाल पर शनिवार को दिन भर देश विदेश से आए कलाकारों ने अपनी पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। आज दिन में गुजराती डांडिया, पंजाब पुलिस का बैंड, तंजानिया का जांजीवा, अफ्रीका का मालवी तथा इथोपिया का पारंपरिक नृत्य सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।