Faridabad/Alive News : 39वें अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेले के तीसरे दिन मुख्य चौपाल पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में मशहूर भजन गायक हेमंत बृजवासी की मधुर प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित मेले में हेमंत बृजवासी के भजनों पर पर्यटक और श्रद्धालु झूमते नजर आए।
कार्यक्रम की शुरुआत जय राधे-राधे से हुई, जिसके बाद किशोरी कुछ ऐसा इंतजाम, दीवाना राधे का और जुबां पे राधा राधा जैसे भजनों ने मेला परिसर को भक्तिमय बना दिया। मुख्य चौपाल में मौजूद दर्शकों ने भक्ति रस का भरपूर आनंद लिया।
दिनभर की चहल-पहल के बाद शाम की सांस्कृतिक संध्या ने मेले की रौनक और बढ़ा दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी श्रद्धा भाव में रंगे दिखे।
गौरतलब है कि 15 फरवरी तक शिल्प मेला परिसर में प्रतिदिन मुख्य, छोटी व महा चौपाल पर देश-विदेश के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे रहे हैं।

