Faridabad/Alive News: दिल्ली ब्लास्ट मामले में NIA ने सुसाइड बॉम्बर डॉ. उमर नबी के साथी शोएब को गिरफ्तार किया है। शोएब फरीदाबाद के धौज गांव का रहने वाला है और अल-फलाह यूनिवर्सिटी में वार्ड बॉय था। उस पर आरोप है कि उसने उमर नबी को सामान लाने-ले जाने में मदद की और उसे नूंह में किराए पर कमरा दिलाया। ब्लास्ट से 10 दिन पहले उमर इसी घर में रहा था। यह केस में सातवीं गिरफ्तारी है।
NIA डॉक्टर आदिल और डॉक्टर शाहीन को यूनिवर्सिटी लाकर करेगी पूछताछ
NIA अब डॉ. आदिल अहमद और डॉ. शाहीन सईद को अल-फलाह यूनिवर्सिटी लाएगी। जांच में पता चला है कि डॉ. आदिल और उमर नबी पिछले कई सालों से दोस्त थे। आदिल कई बार यूनिवर्सिटी आता था और उमर के हॉस्टल फ्लैट में रुकता था। यहीं उसकी मुलाकात मुजम्मिल शकील और शाहीन सईद से हुई।
बताया जा रहा है कि आदिल ने ही सुझाव दिया था कि विस्फोटक सामग्री फतेहपुरा तगा और धौज गांव में जुटाई जाए, क्योंकि यहां आसानी से कमरा किराए पर मिल जाता है और पहचान छिपाना आसान होता है।
आदिल की गिरफ्तारी से खुला पूरा मॉड्यूल
26 अक्टूबर को आदिल को यूपी के सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था। उसके कश्मीर वाले घर से AK-47 भी मिली। पूछताछ में आदिल टूट गया और उसने बाकी साथियों के नाम बताए। उसी की सूचना पर फरीदाबाद में विस्फोटक माल मिलने का खुलासा हुआ और बाद में मुजम्मिल शकील भी पकड़ा गया।
आदिल और उमर की पृष्ठभूमि
दोनों अनंतनाग के सरकारी अस्पताल में डॉक्टर थे। बाद में आदिल सहारनपुर आ गया और उमर अल-फलाह यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर बन गया। दोनों अलग-अलग जगह रहते थे, लेकिन संपर्क लगातार बनाए हुए थे।
आदिल का परिवार भी मेडिकल बैकग्राउंड से
आदिल कुलगाम के वानपुरा का रहने वाला है।MBBS श्रीनगर मेडिकल कॉलेज से किया।पत्नी रुकैया मनोचिकित्सक है।उसका भाई भी डॉक्टर है। आदिल ने 4 अक्टूबर को कश्मीर में शादी की थी।
NIA कर रही है विस्तृत जांच
NIA अब यह पता लगा रही है कि आदिल यूनिवर्सिटी में किस-किस से मिला, कितनी बार आया और किसके संपर्क में रहा। यूनिवर्सिटी में उसकी हर एंट्री और मूवमेंट के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

