March 10, 2026

एसपीसी कक्षाओं में छात्रों को परेड, महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता की दी गई जानकारी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में जिले के 19 चयनित स्कूलों में स्टूडेंट पुलिस कैडेट (एसपीसी) कार्यक्रम के तहत विशेष कक्षाओं का आयोजन किया गया। इन कक्षाओं में छात्रों को परेड की तैयारी के साथ-साथ सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नशा मुक्ति जैसे अहम विषयों पर जागरूक किया गया।

पाली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्रों को यातायात नियमों, संकेतों और सुरक्षित सफर के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी गई। साथ ही नशा मुक्ति अभियान से भी जोड़ा गया।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बल्लभगढ़ में एसपीसी कैडेट्स को परेड का अभ्यास कराया गया और उन्हें समाज में महिला सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी और नशा के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। यहां कक्षा 6 से 8 तक के करीब 450 छात्रों के लिए ‘पुलिस की पाठशाला’ का आयोजन भी हुआ।

इस सत्र में बच्चों को साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा, इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 112 और नशे से दूर रहने की सीख दी गई। जानकारियां संवादात्मक तरीके और रोजमर्रा के उदाहरणों के जरिए दी गई ताकि छात्र-छात्राएं आसानी से समझ सकें और जागरूक बनें।

इस पहल का मकसद छात्रों में कानून के प्रति सम्मान, आत्म-सुरक्षा की भावना और एक जिम्मेदार नागरिक बनने की सोच को मजबूत करना है।