Faridabad/Alive News: कॉलेजों में परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों की तैयारी को परखने के लिए पढ़ाई का तरीका बदला जा रहा है। शिक्षक केवल सिलेबस पूरा कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों को असाइनमेंट देने के साथ अलग-अलग विषयों पर पीपीटी तैयार कराकर कक्षा में प्रस्तुति भी दिलवा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा के महत्वपूर्ण विषयों को दोहराने का मौका मिल रहा है। साथ ही शिक्षक उनकी विषयों पर पकड़ और तैयारी के स्तर का भी आकलन कर रहे हैं।
कॉलेजों में शिक्षकों की ओर से विषयवार महत्वपूर्ण टॉपिक और सवालों के आधार पर असाइनमेंट दिए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को इन्हें हल करके जमा करना होता है। वहीं, पीपीटी के माध्यम से उन्हें किसी विषय को समझकर अपने शब्दों में प्रस्तुत करने का अभ्यास कराया जा रहा है। कक्षा में होने वाली प्रस्तुतियों और जमा किए गए असाइनमेंट का रिकॉर्ड भी रखा जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों की प्रगति पर नजर रखी जा सके।
राजकीय महिला कॉलेज की पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर शालिनी खुराना ने बताया कि असाइनमेंट से विद्यार्थियों को परीक्षा के महत्वपूर्ण प्रश्नों और विषयों की जानकारी मिलती है। वहीं, पीपीटी और प्रेजेंटेशन से उनकी समझ, बोलने की क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ता है। इससे परीक्षा से पहले उनकी तैयारी का आकलन करने में भी मदद मिलती है।

