March 8, 2026

एडवेंचर कैंप में भाग लेकर छात्रों ने सीखा साहस और टीमवर्क

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सराय ख्वाजा के 28 छात्र-छात्राएं जूनियर रेड क्रॉस और सेंट जॉन एम्बुलेंस के सदस्य के रूप में हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत शहर मनाली में चल रहे समर एडवेंचर कैंप 2025 में भाग ले रहे हैं। यह कैंप 25 जून से शुरू हुआ है और शिक्षा विभाग हरियाणा व जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक बघेल के निर्देश पर समग्र शिक्षा अभियान के तहत आयोजित किया गया है।

इस कैंप में फरीदाबाद जिले के कई सरकारी स्कूलों के कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के छात्र शामिल हैं। कैंप का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व, साहस, सामाजिक भावना और मानसिक व शारीरिक विकास को बढ़ावा देना है।

सराय ख्वाजा स्कूल के छात्रों का मार्गदर्शन स्कूल की रसायन शास्त्र प्रवक्ता पूनम रानी कर रही हैं, जिन्हें कैंप के दौरान एस्कॉर्ट टीचर के रूप में नियुक्त किया गया है।

प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने बताया कि छात्र-छात्राएं ट्रेकिंग, रिवर क्रॉसिंग, रॉक क्लाइंबिंग, बोनफायर, टेंट लगाना, फर्स्ट एड वर्कशॉप, योगा और मेडिटेशन जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इन रोमांचक अनुभवों से बच्चों में धैर्य, आत्मनिर्भरता और चुनौतियों से निपटने की क्षमता बढ़ रही है।

ट्रेकिंग में उन्होंने पहाड़ों और जंगलों में चलने का साहसिक अनुभव किया, जबकि रिवर क्रॉसिंग ने उन्हें आत्मविश्वास देना सिखाया। रॉक क्लाइंबिंग में चट्टानों पर चढ़ने की चुनौती को सभी ने मजे से लिया। बोनफायर के दौरान सामूहिक गीत-संगीत ने टीम भावना को मजबूत किया। टेंट लगाना और खुले में रहना बच्चों के लिए नया अनुभव रहा।

फर्स्ट एड वर्कशॉप ने आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार की जानकारी दी और योग-मेडिटेशन से मानसिक एकाग्रता और शांति पाने की तकनीक सीखी।

प्रधानाचार्य मनचंदा ने सभी विद्यार्थियों को उनके अनुशासन और उत्साह के लिए बधाई दी और शिक्षा विभाग हरियाणा व फरीदाबाद का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कैंप बच्चों को जीवन में सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।