March 7, 2026

डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में छात्रों ने जानी राष्ट्र निर्माण में सामुदायिक रेडियो की भूमिका

Faridabad/Alive News: एनआईटी-3 स्थित डीएवी शताब्दी महाविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर “सतत राष्ट्र निर्माण में सामुदायिक रेडियो की भूमिका” विषय पर एक्सटेंशन लेक्चर आयोजित किया। मुख्य वक्ता के रूप में भावना शर्मा (सामुदायिक रेडियो, मानव रचना विश्वविद्यालय) ने विद्यार्थियों को रेडियो की सामाजिक जिम्मेदारियों, ऑडियंस रिसर्च और जनजागरण में इसकी उपयोगिता के बारे में बताया।

उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में फेक जानकारी के बीच रेडियो आज भी विश्वसनीय माध्यम है और वंचित वर्गों की आवाज़ बनकर सामने आता है। “रेडियो और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस” थीम पर उन्होंने स्पष्ट किया कि एआई केवल एक उपकरण है, असली मानवीय जुड़ाव रेडियो ही स्थापित करता है।

कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने रेडियो के ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित किया, जबकि संयोजक वीरेंद्र सिंह ने स्वतंत्रता पश्चात कृषि, शिक्षा और सामाजिक सुधारों में रेडियो की भूमिका बताई। विभागाध्यक्ष रचना कसाना ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

सचिव हिमानी जांगड़ा और कृतिका के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में 38 विद्यार्थियों ने भाग लिया और रेडियो की प्रासंगिकता व सामाजिक महत्व को समझा।