Faridabad/Alive News: शुक्रवार को दक्षिण हरियाणा बिजली निगम (डीएचबीवीएन) फरीदाबाद के सेक्टर-23 स्थित सर्कल कार्यालय पर हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन (हेड ऑफिस–भिवानी) के बैनर तले कर्मचारियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी लम्बे समय से पड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण वे मजबूर होकर धरने पर बैठे।
इस मौके पर प्रदेश कमेटी के नेता और स्टेट चीफ ऑर्गनाइज़र विनोद शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि अधीक्षण अभियंता ने कर्मचारियों और यूनियन पदाधिकारियों को उनकी मांगों पर चर्चा के लिए समय दिया था। लेकिन जब सभी पदाधिकारी तय समय पर पहुंचे, तो अधिकारी ने बातचीत से बचने की कोशिश की। इससे नाराज़ होकर कर्मचारियों ने वहीं दरी बिछाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कर्मचारियों का आरोप है कि अधीक्षण अभियंता उनकी जायज समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। कर्मचारियों ने यूनियन की ओर से एक विरोध पत्र भी जारी किया है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर 17 नवंबर से पहले समस्याओं को नहीं सुना गया, तो वे लगातार धरना देंगे और बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।
कर्मचारियों की प्रमुख समस्या T&P (टूल्स एंड प्लांट) न मिलने से जुड़ी है। उनका कहना है कि उपकरणों की कमी के कारण कई बार उनकी जान खतरे में पड़ती है और कई कर्मचारी हादसों में अपनी जान तक गंवा चुके हैं। यूनियन का कहना है कि बार-बार कहने पर भी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, इसलिए विरोध करना उनकी मजबूरी बन गया है।
प्रदर्शन में पूर्व सर्कल सचिव संत राम लाम्बा, एनआईटी यूनिट के प्रधान लेखराज चौधरी, सचिव मुकेश शर्मा, ग्रेटर यूनिट के प्रधान सुनील चौहान, सचिव रवि दत्त शर्मा, बल्लभगढ़ यूनिट के प्रधान मदन गोपाल शर्मा, सचिव सुरेंद्र कौशिक, ओल्ड यूनिट के प्रधान संदीप कुमार, सचिव सत्यवान लोहचब सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

