Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में 25 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षाओं को लेकर प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू कर दी गई है, जो 1 अप्रैल तक प्रभावी रहेगी।
आदेश के अनुसार, परीक्षा वाले दिन केंद्र से 200 मीटर के दायरे में आने वाली फोटोकॉपी की दुकानें, कंप्यूटर सेंटर और अन्य संबंधित प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहेंगे। 25 फरवरी से 12वीं और 26 फरवरी से 10वीं की परीक्षाएं शुरू होंगी।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि परीक्षाओं को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए यह कदम उठाया गया है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्टाफ को समय पर पहुंचने के निर्देश
सभी केंद्र अधीक्षक और ड्यूटी स्टाफ को बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार समय पर केंद्र पर पहुंचने, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और परीक्षा प्रक्रिया को नियमों के अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षक केंद्रों को औपचारिक रूप से खोलकर बैठने की व्यवस्था, रिकॉर्ड मिलान और गोपनीय सामग्री की जांच करेंगे।
सीसीटीवी और पुलिस निगरानी अनिवार्य
सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती रहेगी ताकि नकल और बाहरी हस्तक्षेप को रोका जा सके।
फ्लाइंग स्क्वायड रखेगा नजर
प्रशासन की फ्लाइंग स्क्वायड टीमें लगातार निरीक्षण करेंगी। किसी भी केंद्र पर अनियमितता मिलने पर संबंधित स्टाफ के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
यह रहेगा परीक्षा का समय
25 फरवरी से 1 अप्रैल 2026 तक सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी तथा डीएलएड (री-अपीयर) की परीक्षाएं आयोजित होंगी। सभी परीक्षाएं दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर होंगी।

