March 10, 2026

नाबालिगों के वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई की जरूरत: सड़क सुरक्षा अभियान में अपील 

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में जिला उपायुक्त के आदेश, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के डीटीओ और फरीदाबाद पुलिस के निर्देश पर रोड सेफ्टी ओमनी फाउंडेशन ने आज सुबह सेक्टर-14 पुलिस चौकी से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान स्टेट रोड सेफ्टी काउंसिल हरियाणा सरकार के सदस्य सरदार देवेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

अभियान के दौरान बताया गया कि स्कूल खुलने के बाद सड़कों पर भीड़ बढ़ गई है। कई माता-पिता अपने नाबालिग बच्चों को वाहन दे देते हैं, जो खतरनाक है। मोटर व्हीकल एक्ट 2019 के अनुसार, नाबालिग के वाहन चलाने पर 25 हजार रुपये जुर्माना और माता-पिता को 3 साल की जेल हो सकती है। सुबह किए गए सर्वे में सेक्टर-12 से लेकर टाउन पार्क और आसपास के सेक्टर-11, 14, 15, 16, 17 में कई नाबालिग वाहन चलाते दिखे। इस पर ट्रैफिक पुलिस को विशेष अभियान चलाने की जरूरत बताई गई।

रोड सेफ्टी ओमनी फाउंडेशन के वाइस प्रेसिडेंट बिजेंद्र सैनी ने कहा कि हर व्यक्ति की जान कीमती है, इसलिए सड़क नियमों का पालन करना जरूरी है। सुबह के समय जिम या पार्क जाते वक्त लोग तेज और बिना हेलमेट के वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। उल्टी दिशा में वाहन चलाना भी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण है, जिसका जुर्माना 5,500 रुपये है।

सरदार देवेंद्र सिंह ने बरसात के कारण सड़कों पर बने गड्ढों से सावधान रहने और नशा करके वाहन न चलाने की अपील की। उन्होंने कहा “हेलमेट पुलिस को देखकर नहीं, अपने परिवार को देखकर लगाएं।”

अभियान में सेक्टर-14 पुलिस चौकी के सब इंस्पेक्टर बलवंत सिंह, मुंशी जयभगवान, रणवीर गौतम, के.एस. ठाकुर, राज सिंह, सरदार देवेंद्र सिंह और बिजेंद्र सैनी मौजूद रहे।