Faridabad/Alive News: हरियाणा के पलवल जिले में गोबिंद नगर स्थित बूस्टिंग स्टेशन के अंडरग्राउंड वाटर टैंक में डूबने से 26 फरवरी को 12 साल के एक बच्चे की दुखद मौत हो गई थी। इस मामले में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कड़ा कदम उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की है।
मंत्री के निर्देश पर संबंधित एसडीओ प्रीति और जेई रामबीर सिंह को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही एक्सईन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर बने ढांचों की देखरेख विभाग की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि सभी बूस्टिंग स्टेशनों और वाटर टैंकों का तुरंत निरीक्षण किया जाए और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

