March 7, 2026

सेक्टर-59 में दूषित पानी छोड़ने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, जांच के लिए संयुक्त टीम गठित

Faridabad/Alive News: प्रवीण बत्रा जोशी ने सेक्टर-59 औद्योगिक क्षेत्र में बिना उपचार किए रासायनिक पानी खुले में छोड़े जाने के मामले को गंभीरता से लिया है। खबरों के अनुसार दूषित पानी पीने से करीब दस बकरियों की मौत होने की बात सामने आई है।

मेयर ने नगर निगम आयुक्त और संबंधित अधिकारियों को तुरंत जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए संयुक्त टीम बनाई जाए और मौके से पानी के नमूने लेकर जांच कराई जाए।

मेयर ने साफ कहा कि अगर किसी औद्योगिक इकाई द्वारा बिना ट्रीटमेंट के रासायनिक अपशिष्ट छोड़ा जा रहा है तो उसके खिलाफ पर्यावरण नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। पर्यावरण को नुकसान पहुंचाना और बेजुबान पशुओं की मौत बेहद गंभीर मामला है, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि तय समय सीमा में जांच रिपोर्ट पेश करें और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए स्थायी उपाय किए जाएं। नगर निगम फरीदाबाद ने कहा है कि वह पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।