June 11, 2026

आवारा कुत्तों के आतंक से लोग परेशान, एक व्यक्ति को काटा

Noida/Alive News: उद्योग विहार सेक्टर-82 स्थित सोसाइटी में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर निवासियों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को एक आवारा कुत्ते ने सोसाइटी के एक निवासी पर हमला कर उसे काट लिया। घटना के तुरंत बाद घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में सुरक्षा को लेकर भय का माहौल है।

निवासियों का कहना है कि सोसाइटी परिसर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। आए दिन बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और कर्मचारियों को कुत्तों द्वारा दौड़ाने या काटने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इससे लोगों का सोसाइटी के अंदर भी सुरक्षित रूप से आवागमन करना मुश्किल हो गया है। खासकर छोटे बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक और परिवार चिंतित हैं।

इस संबंध में आरडब्ल्यूए उद्योग विहार सेक्टर-82 ने संबंधित विभागों और प्राधिकरणों से समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। आरडब्ल्यूए ने अनुरोध किया है कि आक्रामक और खतरनाक आवारा कुत्तों को नियमानुसार पकड़कर अन्यत्र स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाए।