September 29, 2024

पबजी खेलने से रोका तो मां-बाप की कर दी हत्या, पुलिस देखकर हंसने लगा आरोपी

New Delhi/Alive News: झांसी में पबजी एडिक्ट 26 साल के बेटे ने तवा मारकर मां-बाप की हत्या कर दी। इसके बाद वह नहाया। कपड़े बदले और कमरे में जाकर आराम से बैठ गया। हत्या की सूचना पर जब पुलिस पहुंची तो आरोपी बेटा चारपाई पर बैठा मिला। पुलिस को देखकर जोर-जोर से हंसने लगा। आरोपी का नाम अंकित है।

जानकारी के मुताबिक अंकित एडिक्ट था। उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। पिता उसको गेम नहीं खेलने देते थे। इसको लेकर अक्सर लड़ता था। शक है कि इसी विवाद में उसने हत्या कर दी। वारदात नवाबाद थाना क्षेत्र के पिछौर में हुई। यहां लक्ष्मी प्रसाद (58), पत्नी विमला (55) के साथ रहते थे। वह पलरा के सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल थे। बेटा अंकित (26) साथ रहता था। जबकि तीन बेटियों में बड़ी बेटी नीलम और सुंदरी की शादी हो चुकी थी। नीलम का ससुराल पड़ोस की कॉलोनी में है। छोटी बेटी शिवानी उरई में रहकर पढ़ाई कर रही है।

मृतक लक्ष्मी प्रसाद की छोटी बेटी उरई में रहकर पढ़ाई कर रही है। वारदात की सूचना मिलने पर वह घर पहुंची तो बेहोश होकर गिर पड़ी। अंकित घर पर ही मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था। बहन नीलम ने बताया कि वो मोबाइल पर गेम बहुत ज्यादा खेल रहा था। छह महीने तो कमरे से ही नहीं निकला था। इसी में वह डिस्टर्ब हो गया था। उसका व्यवहार भी बदल गया था। मम्मी-पापा से मारपीट भी करता था। उससे सभी परेशान थे।

बहन नीलम ने बताया कि शनिवार सुबह वह पिता लक्ष्मी प्रसाद को फोन कर रही थी, लेकिन उनका फोन पिक नहीं हुआ। इसके बाद पड़ोस में रहने वाले काशीराम को कॉल किया। उनसे घर जाकर देखने के लिए कहा। जब घर पहुंचे तो मेन गेट खुला मिला। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला तो जमीन पर खून फैला था। पिता की सांसें थम चुकी थीं। जबकि मां विमला कराह रही थीं। पड़ोसी काशीराम ने नीलम और पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो मां विमला को तुरंत मेडिकल कॉलेज ले गई। वहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

हत्या के बाद नहाया, कपड़े बदले
पुलिस के अनुसार इस हत्या का कोई अफसोस नहीं था। मानसिक तौर पर वह ठीक नहीं लग रहा था। हत्या के बाद उसने भागने की कोशिश नहीं की। जख्मी हालत में मां फर्श पर पड़ी कराहती रही। पुलिस को शक है कि 12 से 2 बजे के बीच उसने हत्या की है। लाशों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।