Faridabad/Alive News: डबुआ थाना क्षेत्र की नेहरू कॉलोनी में मंगलवार सुबह दो परिवारों के बीच हिंसक झगड़ा हो गया। पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट और उसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर पत्थर फेंके। इस घटना में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग समेत कई लोग घायल हो गए। पत्थरबाजी का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर खुलेआम झगड़ा होता दिख रहा है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे यह विवाद फिर से भड़क उठा। इससे पहले सोमवार रात भी दोनों परिवारों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसे मोहल्ले के लोगों ने शांत करा दिया था। लेकिन सुबह होते ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद दोबारा शुरू हो गया। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों परिवार सड़क पर उतर आए और पत्थरबाजी करने लगे। हालात ऐसे हो गए कि कॉलोनी के लोगों को अपने घरों में छिपना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि झगड़े में शामिल कुछ लोग कॉलोनी में नशे का अवैध कारोबार करते हैं। जब इसका विरोध किया गया तो उन्होंने गाली-गलौज की और अपने साथियों को बुलाकर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 10 से 12 लोग मौके पर पहुंचे और मारपीट के साथ पत्थरबाजी की।
इस हिंसक झड़प में करीब 8 से 10 लोग घायल हुए हैं। घायल लोगों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। मतिम, मुन्ना, शकील, साबिर और अजबर नाम के लोगों की भूमिका सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही डबुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने हालात को काबू में लिया और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और मामले की जांच जारी है।

