Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना एनआईटी टीम ने स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर 36.87 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बंसीलाल चौधरी (32) निवासी दयाल बाग, आगरा के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एनआईटी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसे एक अज्ञात व्हाट्सएप नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने स्टॉक मार्केट में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया।
इसके बाद शिकायतकर्ता को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया, जहां उसे निवेश के लिए लगातार प्रेरित किया गया। झांसे में आकर उसने अलग-अलग चरणों में 36,87,000 रुपये निवेश कर दिए। बाद में जब उसे अपने साथ ठगी का एहसास हुआ तो उसने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच के दौरान साइबर थाना एनआईटी की टीम ने बंसीलाल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बंसीलाल, धर्मवीर और भानू तीनों उदयपुर गए थे, जहां उन्होंने धर्मवीर का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। पुलिस पहले ही धर्मवीर और भानू को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, बंसीलाल 12वीं पास है और दूध की डेयरी चलाने का काम करता है। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

